शहर

दिवाली की रात जगह-जगह लगी आग, आगरा से देवास तक कई मकान, कारें और गोदाम जलकर राख

दीवाली की रात उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई शहरों में आतिशबाजी की चिंगारी और शॉर्ट सर्किट से आगजनी की घटनाएं सामने आईं। आगरा, फिरोजाबाद, गाजियाबाद, गोरखपुर और देवास में आग से लाखों का नुकसान हुआ।

Image

दिवाली की रात कई शहरों में आग की घटनाएं (सांकेतिक चित्र)

Photo : iStock

दीपावली के पर्व पर जहां पूरा देश रोशनी और आतिशबाजी के जश्न में डूबा रहा, वहीं उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई जिलों में आधी रात पटाखों की चिंगारी और शॉर्ट सर्किट के कारण आगजनी की भीषण घटनाएं सामने आईं। आगरा, फिरोजाबाद, गाजियाबाद, गोरखपुर और मध्य प्रदेश के देवास में आग लगने से इलाकों में हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि दमकल विभाग की मुस्तैदी से अधिकांश हादसों में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है।

आगरा: पटाखों की चिंगारी से मकान में लगी भीषण आग

आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मी नगर इलाके में आतिशबाजी के दौरान पटाखे से निकली चिंगारी एक मकान में जा गिरी। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची लपटें उठने लगीं। घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह स्वाहा हो गया।आग लगते ही घर के सभी सदस्य तुरंत बाहर भाग निकले, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

फिरोजाबाद: 3 मंजिला कॉस्मेटिक गोदाम में भयंकर आग, 50-60 लाख का नुकसान

फिरोजाबाद के घनी आबादी वाले इलाके कटरा सुनारन में रविवार देर रात करीब 10:30 बजे अनमोल जैन के तीन मंजिला कॉस्मेटिक गोदाम में भीषण आग भड़क उठी। शॉर्ट सर्किट से भड़की आग: प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग की भयावहता को देखते हुए जिले से करीब आधा दर्जन (6) दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। हादसे में गोदाम में रखा लगभग 50 से 60 लाख रुपये का कॉस्मेटिक सामान जलकर राख हो गया, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।

गोरखपुर: पटाखे की चिंगारी से आग का गोला बनीं 3 कारें

गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित रामजानकी नगर में आतिशबाजी के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ। घर के बाहर खड़ी गाड़ियों पर पटाखे की चिंगारी गिरने से आग लग गई। देखते ही देखते वहां खड़ी ब्रेजा, स्विफ्ट डिजायर और बोलेरो कारें आग का गोला बन गईं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) संतोष कुमार राय ने बताया कि फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। प्राथमिक जांच में पटाखों की चिंगारी ही हादसे का मुख्य कारण पाई गई है।

गाजियाबाद: क्रॉसिंग रिपब्लिक में 10वें माले के फ्लैट में लगी आग, मछली का सफल रेस्क्यू

गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित GH-7 टावर के 10वें माले पर स्थित एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और लपटों पर काबू पाया। दमकलकर्मियों ने न केवल आग बुझाई, बल्कि फ्लैट में रखे एक्वेरियम से एक पालतू मछली को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

देवास: रेस्टोरेंट और मकान में आग, 10-12 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

मध्य प्रदेश के देवास शहर में दीवाली की रात आगजनी की दो अलग-अलग घटनाओं से प्रशासन में हड़कंप मच गया। पहली घटना अग्रवाल कोल्ड्रिंक्स के रेस्टोरेंट में हुई, जबकि दूसरी घटना जनता बैंक चौराहे के पास एक मकान में दर्ज की गई। आग पर काबू पाने के लिए नगर निगम, सीआईएसएफ (CISF) और बीएनपी (BNP) समेत अन्य स्थानों से लगभग 10 से 12 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मोर्चे पर लगाया गया। मौके पर सीएसपी और तीन थानों के थाना प्रभारियों सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। दोनों घटनाओं में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, और पुलिस नुकसान के आकलन में जुटी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article