Chamoli Landslide: उत्तराखंड के चमोली जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक बार फिर लैंडस्लाइड की घटना सामने आई है। जोशीमठ ब्लॉक के पंच केदारों में शामिल कल्पेश्वर मंदिर के ऊपर देर रात भारी भूस्खलन हो गया। जिससे मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में काफी नुकसान हुआ है। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा और पत्थर गिरकर मंदिर परिसर में पहुंच गए। हालांकि इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
कल्पेश्वर मंदिर के सचिव लक्ष्मण नेगी ने बताया कि देर रात से हो रही लगातार बारिश के कारण मंदिर के ऊपर की पहाड़ी से कई टन मलबा नीचे आ गिरा। जिससे मंदिर परिसर के आसपास बने छोटे-छोटे रास्तों और रूटिंग साइड को काफी नुकसान पहुंचा है।
मंदिर परिसर में घुसा भारी मलबा
लैंडस्लाइड के बाद बड़ी मात्रा में मलबा मंदिर परिसर के अंदर जमा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव का काम शुरू किया। लोगों की मदद से मलबे की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित रखने की कोशिश की जा रही है।
जनहानि की सूचना नहीं
भूस्खलन की घटना में राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, मंदिर परिसर को काफी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। लेकिन वास्तविक नुकसान का आकलन प्रशासन की टीम के मौके पर पहुंचने के बाद ही हो सकेगा। बारिश और पहाड़ी इलाका होने की वजह से आसपास के इलाकों में भी भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
प्रशासन की टीम करेगी नुकसान का आकलन
घटना की सूचना जोशीमठ तहसील प्रशासन को दे दी गई है। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि प्रशासन की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि टीम के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा और स्थिति के अनुसार जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
