Kal ka mausam: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है। तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख के साथ ही PoK में गिलगित, बाल्टिस्तान, और मुजफ्फराबाद में कहीं-कहीं अति भारी बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, कर्नाटक, राजस्थान, गुजरात, केरल, गोवा, महाराष्ट्र, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उत्तराखंड और विदर्भ में भी मूसलाधार बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग ने सतर्क और सावधान रहने की सलाह दी है।
कल और अगले कुछ दिनों का मौसम
IMD ने देश के विभिन्न हिस्सों के लिए अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और मौसमी परिस्थितियों के चलते उत्तर-पश्चिम भारत, पूर्व एवं मध्य भारत, पश्चिमी भारत, उत्तर-पूर्व भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय क्षेत्र में लगातार बारिश जारी रहने के आसार हैं।
उत्तर-पश्चिम भारत में मूसलाधार बारिश होगी
उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में मौसम विभाग ने आज यानी मंगलवार 26 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। खासतौर पर जम्मू और उत्तर-पश्चिम पंजाब में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में अगले 7 दिनों तक कई इलाकों में रुक-रुक कर भारी बारिश हो सकती है।
29 अगस्त से 1 सितंबर तक उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में भी अच्छी बारिश के आसार हैं। वहीं, उत्तराखंड में 28 और 29 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है। इन इलाकों में अभी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा का भी दौर जारी रहेगा।
पूर्व और मध्य भारत में तेज बारिश का दौर जारी
दक्षिण ओडिशा में आज मंगलवार 26 अगस्त को अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। छत्तीसगढ़, ओडिशा और विदर्भ में अगले पांच दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। 27 से 30 अगस्त तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी वर्षा होने के संकेत हैं।
बिहार में 30 अगस्त से 1 सितंबर, मध्य प्रदेश में 28 अगस्त से 1 सितंबर और झारखंड में 29 व 30 अगस्त को तेज बारिश होगी। इसके साथ ही इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश का दौर अभी देखने को मिलता रहेगा।
पश्चिम भारत में मानसून का असर
पश्चिम भारत में भी मानसून का जोर अभी थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, गुजरात, कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में अगले 6-7 दिनों तक बारिश जारी रहेगी।
खासतौर पर घाट क्षेत्रों में 27 और 28 अगस्त को बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मराठवाड़ा में भी 28 अगस्त को तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में मध्यम स्तर की बारिश होती रहेगी।
उत्तर-पूर्व भारत में लगातार बारिश
उत्तर-पूर्व भारत के राज्यों में भी भारी बारिश का सिलसिला अभी जारी रहेगा। असम और मेघालय में 27 से 31 अगस्त तक, अरुणाचल प्रदेश में इसी दौरान तेज बारिश होने की संभावना है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अगले सात दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा।
इस क्षेत्र में गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाओं के साथ मध्यम से भारी वर्षा होने की चेतावनी भी दी गई है।
दक्षिण भारत में भी भारी बारिश का अलर्ट
दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत के कई राज्यों में भी बारिश का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश में 26 अगस्त को अत्यधिक भारी वर्षा होगी। 26 से 28 अगस्त तक तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और तेलंगाना में तेज बारिश रहेगी। इसी तरह केरल और माहे में 26 से 29 अगस्त तक, कर्नाटक में 26 से 30 अगस्त तक और तमिलनाडु में 27 से 29 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है।
तेलंगाना में 26 अगस्त को बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन राज्यों में हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा गरज-चमक के साथ अगले तीन दिनों तक जारी रहने की संभावना है।
