शहर

Kal Ka Mausam: मौसम ने बदली चाल! कहीं आंधी-तूफान तो कहीं मूसलाधार बारिश, IMD ने इन राज्यों के लिए जारी किया बड़ा अलर्ट

Kal Ka Mausam 30 May 2026 , कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam Kaisa Rahega: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है। कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और गरज-चमक को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, जबकि भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने के संकेत मिल रहे हैं। ऐसे में आइए जानें कल का मौसम कैसा रहेगा?

Image

कल का मौसम 30 मई 2026

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

कल का मौसम (Kal Ka Mausam): इन दिनों देशभर में मौसम तेजी से बदल रहा है। कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाएं देखने को मिल सकती हैं। वेदर सिस्टम की बात करें तो मध्य क्षोभमंडलीय पछुआ हवाओं में एक गर्त के रूप में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance), जिसका अक्ष समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है, अब लगभग 75° पूर्व देशांतर के अनुदिश अक्षांश 32° उत्तर की ओर चलता है। उत्तरी आंतरिक ओडिशा और आसपास के क्षेत्र में निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर स्थित एक चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) उपरोक्त गर्त में विलीन हो गया है। मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों पर स्थित एक पछुआ गर्त, जिसका अक्ष लगभग 90° पूर्व देशांतर के अनुदिश 21° उत्तर अक्षांश के उत्तर में स्थित है, निरंतर बना हुआ है। इसके साथ ही मध्य असम और आसपास के क्षेत्र में निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे तमिलनाडु तट पर मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। दक्षिणपूर्वी अरब सागर और आसपास के मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक चक्रवाती परिसंचरण । पूर्वी मध्य और दक्षिणपूर्वी बंगाल की खाड़ी के निचले और मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना है।

क्या है IMD का पूर्वानुमान?

भारत मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में चल रही भीषण गर्मी और लू की स्थिति अब कमजोर पड़ने लगी है। साथ ही अनुमान जताया गया है कि शुक्रवार से मध्य भारत के कई इलाकों में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। वहीं, 1 से 4 जून के बीच उत्तर-पूर्व भारत और दक्षिणी प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 30 और 31 मई के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में तेज हवाओं के साथ मध्यम से तेज गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

दक्षिण-पश्चिम मानसून को लेकर क्या है अपडेट?

मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिम मानसून 2026 (Southwest Monsoon) की प्रगति को लेकर भी जानकारी दी है। विभाग के मुताबिक मानसून की उत्तरी सीमा 9°N/60°E, 8.5°N/65°E, 8°N/70°E, 7.5°N/75°E, 8°N/80°E, 11°N/85°E, 15°N/90°E, 19°N/95°E और 21°N/97°E से होकर गुजर रही है। अगले 2 से 3 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप क्षेत्र, दक्षिण-पश्चिम, पूर्व-मध्य और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के शेष हिस्सों तथा उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

दिल्ली एनसीआर में कल का मौसम

दिल्ली एनसीआर में 30 और 31 मई को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 30 मई को दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत कई इलाकों में तेज गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। 31 मई को भी दिल्ली एनसीआर में मौसम सक्रिय बना रहेगा। तेज हवाओं और बादलों के साथ हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग ने बिजली चमकने और अचानक तेज आंधी आने को लेकर सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है, जिससे गर्मी का असर कुछ कम हो सकता है।

यूपी में कल का मौसम कैसा रहेगा?

उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों के दौरान मौसम तेजी से बदलने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती हवाओं के असर से राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 30 और 31 मई को कई हिस्सों में अलर्ट जारी किया है। 30 मई को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं भारी बारिश और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। 31 मई को भी प्रदेश में मौसम सक्रिय रहेगा। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कई जिलों में बादल छाए रहने और तेज हवाएं चलने से तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। ऐसे में लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

बिहार में कल के मौसम का हाल

बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य और दक्षिण-पूर्व हिस्से में चक्रवाती प्रभाव के बाद बिहार के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पटना स्थित भारत मौसम विज्ञान विभाग केंद्र के अनुसार, अगले 24 घंटों में बिहार के अधिकांश जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक, बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने और बीच-बीच में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने सीमांचल क्षेत्र के कटिहार और पूर्णिया जिलों के लिए भारी बारिश और तेज हवाओं का बड़ा अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले दो से तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। विभाग के मुताबिक, इस दौरान कई इलाकों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके साथ ही विभाग ने यह भी कहा है कि अगले एक हफ्ते तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

राजस्थान में ऐसा रहेगा मौसम

राजस्थान में 30 मई को मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। खासकर पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में धूलभरी आंधी भी चल सकती है, जिससे दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। इसके साथ ही, राज्य में गर्मी से भी कुछ राहत मिलने की संभावना जताई गई है और अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज हो सकती है।

पहाड़ी क्षेत्रों में कैसा रहेगा मौसम?

पहाड़ी क्षेत्रों में 30 मई को मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है। वहीं, उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। खराब मौसम को देखते हुए लोगों को पहाड़ी और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पंजाब और हरियाणा में कल का मौसम

पंजाब और हरियाणा में 30 और 31 मई को मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार दोनों राज्यों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। 30 मई को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। 31 मई को भी मौसम सक्रिय बना रह सकता है और कई स्थानों पर बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। खराब मौसम के चलते लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही, तेज गर्मी से राहत मिलने और तापमान में गिरावट आने की संभावना भी जताई गई है।

महाराष्ट्र में 30 और 31 मई को मौसम में बदलाव

महाराष्ट्र में 30 और 31 मई को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। खासकर मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा क्षेत्र में मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है। वहीं, 31 मई से कोंकण और गोवा क्षेत्र में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

तमिलनाडु के इन जिलों मे भारी बारिश का पूर्वानुमान

तमिलनाडु में गर्मी का चरम दौर खत्म होने के बाद राज्य के 15 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। गर्मी के चरम चरण को ’अग्नि नक्षत्रम’ कहा जाता है जो 4 मई से 28 मई तक था। IMD द्वारा यहां जारी ताजा बुलेटिन में कहा गया है कि बृहस्पतिवार तक ऊष्ण लहर की स्थिति बनी रही और चेन्नई समेत 10 से अधिक जिलों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। आईएमडी ने शुक्रवार से अगले 24 घंटों के दौरान कोयंबटूर, डिंडीगुल, थेनी, नीलगिरि, करूर, इरोड, नमक्कल, तिरुपत्तूर, तिरुप्पुर, सेलम, तिरुचिरापल्ली, तंजावुर, तिरुवन्नामलाई, कृष्णागिरि और धर्मपुरी जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। विभाग ने 31 मई से तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने के भी संकेत दिए हैं। पिछले 24 घंटों में कन्याकुमारी के नेय्यूर में सर्वाधिक (छह सेंटीमीटर) बारिश दर्ज की गई और इसके बाद तिरुप्पुर जिले के अविनाशी में चार सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article