भारत के कई राज्यों में मौसमी गतिविधियों ने गर्मी का असर खत्म कर दिया है। मौसम के बदलते पैटर्न ने हीटवेव पर लगाम लगा रखी है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस पूरे सप्ताह कई राज्यों में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट जारी रहेगी। 23-24 मार्च से ओडिशा, सिक्किम, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, असम, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और झारखंड में आंधी तूफान के साथ तेज बारिश का अलर्ट घोषित किया गया है। इस दौरान आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी जारी की गई है। वहीं, दक्षिण भारत में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के कुछ तटीय भागों पर तूफानी हवाओं के साथ मेघ बरस सकते हैं। हालांकि, अन्य हिस्सों पर हीटवेव की गति बढ़ने की संभावना जताई है। आईएमडी ने बताय कि अगले पूरे सप्ताह की अवधि में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में तेज हवाएं, ओले गिरने और बर्फबारी के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है। इधर, दिल्ली, राजस्थान समेत समूचे उत्तर भारत के कुछ हिस्सों पर बादलों की आवाजाही रहने और बूंदाबांदी या हल्की बारिश से मौसम बदला रहेगा। फिलहाल, अगले सप्ताह तक तापमान सामान्य रहेगा, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिम और पश्चिमी भारत के बड़े हिस्सों मौसम का पैटर्न बदलता नजर आएगा। इसके प्रभाव से कई राज्यों में भीषण आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओलावृष्टि एंव आकाशीय बिजली का खतरा बना रहेगा। इसके असर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट और गोवा में मौसमी गतिविधियां हो सकती हैं।
दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में मौसम काफी खुशनुमा है। पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम साफ रहा और हल्की हवाओं के बीच लोगों को गर्मी से पूरी तरह राहत रही। हालांकि, धूप निकलने से थोड़ा सा तापमान बढ़ा लेकिन विशेष असर नहीं है। मौसम विभाग ने बताया कि 23 मार्च को दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रह सकते हैं और तेज हवाओं के साथ एक बार फिर से बारिश की गतिविधियां हो सकती हैं, जिससे तापमान में कुछ गिरावट होगी। फिलहाल, अगले 2 दिन अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं, बारिश और हवाओं के असर से राजधानी समेत पूरे एनसीआर की हवा साफ हुई है, जिससे एक्यूआई 150 के आसपास रिकॉर्ड किया गया। आने वाले दिनों में इसमें और गिरावट हो सकती हैं। सीपीसीबी के मुताबिक, 0 से 50 के एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।
यूपी में कल का मौसम
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर से बदलने वाला है। पिछले 3 दिन राज्य के कई हिस्सों पर आंधी-बारिश का असर देखा गया और कहीं-कहीं ओलावृष्टि के साथ आकाशीय बिजली गिरने से नुकसान हुआ। फिलहाल, पश्चिमी विक्षोभ का असर लगभग खत्म हो रहा है, जिससे मौसम साफ रहने की उम्मीद है। दिन में धूप निकलने से तापमान बढ़ेगा, लेकिन अगले सप्ताह तक तेज गर्मी परेशान नहीं करेगी। पिछले दिनों हुई मौसमी गतिविधियों से तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत रही। मौसम विभाग के मुताबिक, मेरठ, हापुड़, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं, अमरोहा, हापुड़, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, हापुड़, कासगंज, एटा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, कन्नौज, औरैया, कानपुर, फतेहपुर और बुंदलेखंड के जिलों में आंधी-बारिश से मौसम बदला रहा। वहीं, पूर्वी यूपी के देवरिया, गोरखपुर, आज़मगढ़, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती,मऊ, बलिया, संत कबीर नगर, बस्ती और अम्बेडकर नगर जिलों में आंधी के साथ भारी बारिश हुई। वहीं, राजधानी लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़, उन्नाव, अमेठी, सुल्तानपुर, हरदोई, सीतापुर, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत अंबेडकर नगर, अयोध्या, बस्ती, बाराबंकी, गोंडा, वाराणसी, जौनपुर, मिर्जापुर, प्रयागराज और भदोही में भी बादलों ने मौसम का मिजाज बदले रखा।
बिहार में मौसम कैसा रहेगा
बिहार में अगले कुछ घंटों तक मौसमी गतिविधियां जारी रहने के संकेत हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, पटना समेत राज्य के कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी है। खासकर, मधेपुरा, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, मधुबनी, सहरसा और सुपौल में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान चलने के साथ बारिश का अलर्ट है। सोमवार को पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, सीतामढ़ी, गया, शिवहर, दरभंगा, नालंदा, भोजपुर, बेगूसराय, समस्तीपुर, वैशाली, जहानाबाद, बक्सर, कैमूर, नवादा, जमुई, रोहतास और औरंगाबाद, रोहतास और भंभुआ में भी बादलों के छाए रहने और बारिश के बीच ठनका गिरने की चेतावनी है। फिलहाल, एक सप्ताह तक राज्य में तापमान सामान्य रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड का मौसम
पहाड़ों पर एक मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का प्रभाव उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले भागों पर बना हुआ है। पिछले कई दिनों से 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बर्फीली हवाएं चलने और बारिश से मौसम में ठंडक घुल गई है, जिससे कुछ हिस्सों पर लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक सप्ताह तक पर्वतीय भागों पर विक्षोभ का असर बना रहेगा, जिससे उत्तराखंड के चमोली, रूद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी समेत कई अन्य जिलों में बारिश-बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी। कुछ जगहों पर भारी बर्फबारी होने का अलर्ट जारी है। उधर, हिमाचल प्रदेश में भी बारिश-बर्फबारी का दौर रुक-रुककर जारी है।
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी-बारिश
आईएमडी ने हिमाचल प्रदेश के ऊंचे पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी और निचले भागों पर बर्फबारी का अलर्ट घोषित किया है। खासकर, रोहतांग, लाहौल स्पीति, कुकुमसेरी, शिंकुला दर्रा, किन्नौर, आसरंग, रोपा वैली, सांगला और छितकुल में भारी बर्फबारी का अंदेशा है। वहीं, कई जिलों में बारिश-बर्फबारी और ओलावृष्टि का खतरा जताया गया है। मौसम विभाग ने शिमला, सिरमौर, मंडी में गरज-चमक के साथ बारिश और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उधर, जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई और घाटी क्षेत्रों पर बारिश एवं बर्फबारी का पूर्वानुमान है। अगले 5 दिन तक बर्फीली हवाएं चलने से लोगों को तेज सर्दी का एहसास हो रहा है। हालांकि, मैदानी भागों पर मौसम साफ रहने का अनुमान है।
पूर्वोत्तर के 7 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत प्री मानसून के संकेत मिलने लगे हैं। आईएमडी ने 24 मार्च से असम, मेघालय, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश,त्रिपुरा, मणिपुर, मिजोरम, पश्चिम बंगाल,छत्तीसगढ़ और झारखंड में मौसम बदले रहने की संभावना जताई है। फिलहाल मंगलवार तक बादलों की आवाजाही रहेगी और कई इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी-तूफान चलने का खतरा रहेगा। इस दौरान मेघ गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि के खतरा जताया गया है। खराब मौसम के दौरान स्थानीय मौसम केंद्र ने लोगों को सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी है।
तमिलनाडु में बारिश का अलर्ट
तमिलनाडु में फिर से मौसम ने गति पकड़ ली है और कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश के साथ हुई बेमौसम ओलावृष्टि दर्ज की गई। आईएमडी ने मदुरै, सलेम और तेनकासी में ओलावृष्टि होने की बात कही है। वहीं, कोयंबटूर, डिंडीगुल, इरोड, कृष्णागिरी, नमक्कल, सलेम और तिरुपुर सहित विभिन्न जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के असर से तमिलनाडु के अलावा केरल और कर्नाटक के कुछ तटीय भागों पर बारिश की गतिविधियां होने का पूर्वानुमान जताया है। इसके अतिरिक्त अन्य दक्षिणी राज्यों तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी में हीटवेव की एंट्री की संभावना है, जिससे गर्मी का मिजाज बढ़ेगा।
पश्चिम बंगाल का मौसम
पूर्वोत्तर में बदले मौसम का असर पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में है। मौसम विभाग ने बताया कि कोलकाता में बारिश से तापमान में 11 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। आईएमडी ने अगले 5 दिन तक पूरे राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18 से 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है। जानकारी के मुताबिक, पूर्वी मिदनापुर, पश्चिमी मिदनापुर, झाड़ग्राम, दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना और कोलकाता में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। सोमवार को पूर्वी बर्दवान, पश्चिमी बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद, पुरुलिया, झाड़ग्राम, बांकुरा और पश्चिमी मिदनापुर जिलों में तेज बारिश हो सकती है।
23 मार्च सोमवार का तापमान
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 18°C | 29°C |
| मुंबई | 25°C | 31°C |
| चेन्नई | 25°C | 31°C |
| बेंगलुरु | 21°C | 32°C |
| हैदराबाद | 22°C | 32°C |
| कोलकाता | 20°C | 28°C |
| रांची | 16°C | 26°C |
| पटना | 18°C | 26°C |
| लखनऊ | 18°C | 29°C |
| भोपाल | 19°C | 31°C |
| जयपुर | 19°C | 30°C |
| देहरादून | 13°C | 22°C |
| शिमला | 9°C | 18°C |
| कश्मीर | 4°C | 13°C |
हीटवेव क्या है?
मार्च की शुरुआत से ही अधिकांश राज्यों में तापमान बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 4 दिन में तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और रायमसीला में दिन का तापमान तेजी से बढ़ सकता है। अगले 10 दिन में 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मैदानी इलाकों में हीटवेव के 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होना आवश्यक है, जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होना चाहिए। तटीय क्षेत्रों के लिए यह सीमा 37 डिग्री सेल्सियस और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए 30 डिग्री सेल्सियस निर्धारित है। इस दौरान डीहाइड्रेशन, हीट क्रैम्प्स और जानलेवा हीटस्ट्रोक होने का खतरा बढ़ सकता है। ले चलमे से चक्कर आना, बेहोशी इत्यादि आने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।
गर्मी कहां पड़ रही
देश के अधिकांश भागों पर तापमान में बढ़ोतरी जारी है। हालांकि, अभी भी हिमालयी राज्यों पर बर्फबारी से मौसम सर्द है, लेकिन उत्तर भारत में न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। लिहाजा, अगले सप्ताह तक मौसम काफी गर्म महसूस होगा। फिलहाल, दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात, महाराष्ट, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिकांश भागों पर गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। जल्द ही कुछ राज्यों में लू और सनबर्न का अलर्ट जारी हो सकता है।
सनबर्न क्या होता है?
गर्मी का सीजन शुरू होने के संकेत मिलने लगे है। लिहाजा गर्मियों के सीजन से बचाव के लिए सनबर्न का अलर्ट जारी किया जाता है। दरअसल, एक्सपर्ट के मुताबिक, सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक माना जाता है। चिकित्सीय भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के अधिक संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द महसूस होता है। यानी की अधिकांश केस में स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क प्रतीत होता है।
