Delhi Traffic Advisory: दिल्ली में दशहरे के अवसर पर रावण दहन के आयोजनों में जुटने वाली भीड़ को देखते हुए पूर्वी दिल्ली में यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंगलवार को शाम के समय कई प्रमुख सड़कों पर लोगों और वाहनों की आवाजाही बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस जरूरत के अनुसार कई मार्गों पर डायवर्जन लागू करेगी।
इन रास्तों से आज बचें
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, आज शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक NH-24, रोड नंबर 57, रोड नंबर 57A, रोड नंबर 56 और विकास मार्ग पर जरूरत के अनुसार ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्तों की ओर डायवर्ट किया सकता है। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे इन सड़कों से गुजरने से बचें और संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
कड़कड़ी मोड़ और सीबीडी ग्राउंड पर विशेष निगरानी
दशहरे के आयोजनों के मद्देनजर कड़कड़ी मोड़, सीबीडी ग्राउंड (हसनपुर) और रोड नंबर 57A के आसपास यातायात व्यवस्था पर खासतौर पर नजर रखी जाएगी। इन इलाकों में भीड़ बढ़ने और वाहनों का दबाव अधिक होने की संभावना को देखते हुए पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाई जाएगी। डीसीपी ट्रैफिक श्वेता चौहान ने बताया कि त्योहार के दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील स्थानों पर विशेष प्रबंधन योजना तैयार की गई है। जरूरत के अनुसार वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा, ताकि सड़कों पर जाम की स्थिति से निपटा जा सके।
वाहन चालकों के लिए ट्रैफिक पुलिस की सलाह
पुलिस ने लोगों से अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने और सफर के लिए अतिरिक्त समय रखने की अपील की है। वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने को कहा गया है। सड़क किनारे पार्किंग से बचने और यातायात संकेतों व ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह भी दी गई है।
एंबुलेंस समेत आपातकालीन सेवाओं पर कोई रोक नहीं
यातायात प्रबंधन के दौरान एंबुलेंस और दमकल जैसी आपातकालीन सेवाओं पर कोई रोक नहीं रहेगी। इन वाहनों को रास्ता देने की विशेष व्यवस्था रहेगी, ताकि उन्हें मौके तक पहुंचने में परेशानी न हो। यातायात से जुड़ी ताजा जानकारी या सहायता के लिए लोग दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक माध्यमों से संपर्क कर सकते हैं। पुलिस ने व्हाट्सऐप नंबर 8750871493 और हेल्पलाइन नंबर 1095 तथा 011-25844444 जारी किए हैं।
