शहर

Kal Ka Mausam : 72 घंटे भारी बारिश का पूर्वानुमान, 20 राज्यों में कड़केगी बिजली आएगा तूफान; IMD ने किया सावधान

कल का मौसम कैसा रहेगा (21 अगस्त 2026) : मानसून के असर से अधिकांश राज्यों में मेघ गर्जन, आकाशीय बिजली गिरने और बारिश का अलर्ट घोषित है। लेकिन, उत्तर भारत के कुछ हिस्सों पर मूसलाधार बारिश के कारण नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी और बाढ़ का खतरा बढ़ने ती चेतावनी है। वहीं, पहाड़ों पर अच्छी खासी बारिश के कारण लैंडस्लाइड का डर बना हुआ है। उधर, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारतीय राज्यों में तूफानी हवाओं के साथ मूसलाधार वर्षा का अनुमान है। हालांकि, कुछ राज्यों में अगले कुछ दिन सूखे जैसे हालात रहने की संभावना बन सकती है।

Image

मौसम आज-कल

कल का मौसम कैसा रहेगा : देशभर में मानसून सक्रिय है और बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे के दौरान पहाड़ों पर यानी हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू के ऊंचे हिस्सों से लेकर निचले इलाकों तक तेज बारिश की संभावना व्यक्त की है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने, बाढ़ और लैंडस्लाइड की चेतावनी जारी की गई है। इधर, उत्तर भारत में दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के अधिकांश जिलों में बादलों की आवाजाही रहेगी और कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश रिकॉर्ड की जाएगी। स्काईमेट ने दक्षिणी राज्यों तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, अंडमान निकोबार द्वीप समूह में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। पूर्वोत्तर में असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नागालैंड, त्रिपुरा, मेघालय, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्य प्रदेश के साथ पश्चिम बंगाल में मूसलाधार पानी बरसने का पूर्वानुमान जताया गया है। कमोबेश मौसम के यही हाल महाराष्ट्र और गुजरात के हिस्सों पर भी दिखाई देंगे। इस दौरान कई नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी और बाढ़ का खतरा बना रहेगा।

यूपी-एमपी का मौसम कैसा रहेगा

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों पर बारिश का सिलसिला जारी है। सबसे अधिक पानी एमपी के सीधी और यूपी के हरदोई जिले में बरसा। आईएमडी ने अगले 48 घंटे तक मेघ गर्जन के साथ तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें यूपी के प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, फुरसतगंज, ललितपुर और झांसी हैं, जबकि एमपी के टीकमगढ़, छतरपुर, दतिया, नौगांव, पन्ना, सागर, सतना, खजुराहो, सीधी और आस-पास अधिक संभावना है। बारिश के साथ बिजली कड़कने और तेज़ हवाएं चलने की खतरा है। पानी के अधिक प्रवाह के कारण बाढ़ आने और निचले इलाकों में पानी भरने की काफ़ी संभावना है।

बिहार में भारी बारिश का अलर्ट

बिहार में मानसूनी बारिश से मौसम खुशनुमा बना हुआ है। आईएमडी ने अगले कुछ घंटे तक 19 जिलों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने के साथ बारिश की चेतावनी दी है। खासकर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुज़फ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई के निवासियों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन दिनों तक पूरे बिहार में मौसम खराब रहने की उम्मीद है। पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, अररिया और किशनगंज में भारी बारिश हो सकती है। खराब मौसम की चेतावनी का सामना करने वाले जिलों में गोपालगंज, सिवान, रोहतास, कैमूर और बक्सर शामिल हैं। कई जिलों में ठनका गिरने की चेतावनी है।

महाराष्ट्र में कैसा रहेगा मौसम का हाल

महाराष्ट्र में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले कई दिनों तक गोंदिया, गढ़चिरौली, चंद्रपुर, नागपुर, वर्धा, अमरावती और यवतमाल जैसी जगहों पर हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की है। मध्य महाराष्ट्र में भी घाटों के दूसरी तरफ पुणे, नासिक, सांगली, सतारा, सोलापुर और कोल्हापुर इलाकों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। हालांकि, बारिश की तीव्रता और दायरा ज़रूरत के हिसाब से बहुत कम रहेगा। विदर्भ और मराठवाड़ा इलाकों में खरीफ की फसलों के लिए पानी की कमी और बढ़ जाएगी।

राजस्थान में मानसून कमजोर

राजस्थान में दक्षिण पश्चिम मानसून के कमजोर पड़ने से बारिश की गतिविधियों में कमी देखी जा रही है। हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। पश्चिमी भाग में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा, जबकि पूर्वी भाग के खैरथल-तिजारा, अलवर, डीग, धोलपुर जिलों में कहीं कहीं पर हल्की बारिश रिकॉर्ड की जा सकती है। जयपुर मौसम केंद्र का कहना है कि पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकतर भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि गंगानगर, हनुमानगढ़, चुरु और आसपास के क्षेत्रों में 21-23 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश हो सकती है। इसी तरह पूर्वी राजस्थान के उदयपुर, कोटा, अजमेर संभाग के ज्यादातर भागों में भी आगामी एक सप्ताह कमजोर मानसून की परिस्थितियां रहेंगी। इस बीच 20 से 23 अगस्त को उत्तरी व उत्तर-पूर्वी भागों के भरतपुर, जयपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में मानसून एक बार फिर सक्रिय रहने वाला है। अगले कई दिनों तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आईएमडी के मुताबिक 20 से 23 अगस्त तक बारिश का पूर्वानुमान है, जबकि 24 अगस्त को आसमान बादलों से घिरा रहेगा। 25 अगस्त को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। खास बात यह है कि मौसम विभाग की ओर से इन दिनों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। 21 अगस्त को तापमान 33 और 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इस दिन बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। लगातार बादल और बारिश का असर एनसीआर की वायु गुणवत्ता पर भी दिखाई दे रहा है। हालांकि कुछ स्थानों पर एक्यूआई येलो जोन में पहुंचा हुआ है।

कोलकाता में तेज बारिश का अलर्ट

पश्चिम बंगाल के कई जिलों में बारिश के लिहाज से मौसम का मिजाज अनुकूल है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर बंगाल में भी पिछले कुछ दिनों से बारिश के आसार बने हुए हैं। आज कुछ इलाकों में हल्के से मध्यम स्तर तक की बारिश और गरज हो सकती है। वहीं, उच्चतम और न्यूनतम तामपान की बात करें, तो यह क्रमश: 33 और 28 डिग्री सेल्सियस तक हो सकता है। गुरुवार को पश्चिम बंगाल के कई जिलों में मध्यमस्तर की बारिश और गरज की संभावना बनी हुई है। खासकर, झारग्राम, पूर्वी मिदनापुर, पश्चिम मिदनापुर, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, मुर्शिदाबाद, बीरभूम, नादिया और कोलकाता जैसे इलाकों में मौसम का मिजाज ऐसा ही रह सकता है।

तमिलनाडु का कैसा रहेगा मौसम

तमिलनाडु अगले कुछ दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी घाट के जिलों में एक या दो स्थानों पर गुरुवार से गरज और बिजली के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। 21 से 25 अगस्त तक पश्चिमी घाट जिलों और उत्तरी तमिलनाडु के तटीय जिलों में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। राज्य के अधिकांश अन्य हिस्सों में शुष्क मौसम रहने की संभावना है, हालांकि छिटपुट स्थानीय बारिश जारी रह सकती है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!