कल का मौसम कैसा रहेगा : मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कई दिनों तक मौसम का मिजाज ऊपर नीचे रह सकता है। कई राज्यों में हल्की तो कई जगहों पर अच्छी खासी बारिश के संकेत हैं। खासकर, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की गतिविधियां हो सकती हैं। लेकिन, दिल्ली-एनसीआर में इंतजार रहेगा। हालांकि, हरियाणा, पंजाब, एनसीआर और बिहार के कुछ भागों पर रुक-रुक कर पानी बरस सकता है। राजस्थान में भी मानसून सुस्त रहेगा। स्काईमेट ने उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के अधिकांश भागों पर तेज बारिश का अलर्ट है। इस दौरान खराब मौसम होने से अचानक बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा रहेगा। उधर, दक्षिण भारत के अधिकांश राज्यों के साथ पूर्वोत्तर के भागों पर भारी बारिश का अलर्ट है।
उत्तराखंड में कैसा है मौसम
उत्तराखंड के विभिन्न स्थानों पर लगातार भारी बारिश के कारण भूस्खलन से अनेक सड़कें अवरुद्ध हो गईं और नदी-नाले उफान पर आ गए जबकि मौसम विभाग द्वारा मंगलवार को देहरादून, टिहरी, पौड़ी व उधमसिंह नगर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी के साथ ’ऑरेंज अलर्ट’ तथा शेष जिलों में ’येलो अलर्ट’ जारी किए जाने के मद्देनज़र प्रशासन पूरी तरह चौकस है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में प्रदेश में अनेक स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। बारिश से भूस्खलन के कारण प्रदेश में अनेक सड़कें अवरुद्ध हो गईं जिन्हें खोलने के प्रयास जारी हैं। उधर, लगातार बारिश से प्रदेश में नदी-नालों का बढ़ता जलस्तर लोगों के लिए खतरा बन रहा है। उधर, मौसम विभाग ने मंगलवार को देहरादून, टिहरी, पौड़ी और उधमसिंह नगर में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी के साथ ’ऑरेंज अलर्ट’ तथा शेष जिलों में ’येलो अलर्ट’ जारी किया है। इसे देखते हुए संबंधित जिलों के अधिकारियों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
यूपी का मौसम
उत्तर प्रदेश में इस मानसून में अच्छी बारिश नहीं हुई। आईएमडी के मुताबिक, अब तक सामान्य से 17 प्रतिशत कम बारिश हुई। हालांकि, अगले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सामान्य 462 मिलीमीटर के मुकाबले 439 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से पांच प्रतिशत कम है। वर्षा के आंकड़ों में जिलों के बीच काफी अंतर देखने को मिला है। सात जिलों में सामान्य से 60 से 99 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है जबकि 30 जिले 20 से 59 प्रतिशत कम बारिश वाली श्रेणी में हैं। वहीं, मेरठ, मुजफ्फरनगर और संभल में सामान्य से 60 प्रतिशत या अधिक बारिश दर्ज की गई है। आईएमडी के अनुसार, छह जिलों में सामान्य से 20 से 59 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। कुल 29 जिलों में बारिश सामान्य सीमा के भीतर रही। मानसून के दौरान कई बार तेज बारिश होने के बावजूद राज्य में कुल वर्षा में कमी दर्ज की गई है। आईएमडी ने झारखंड और पश्चिम बंगाल में गंगा नदी के आसपास बने दबाव के प्रभाव के कारण आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि का अनुमान जताया। आईएमडी ने 23 अगस्त तक पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है। आईएमडी ने मंगलवार और बुधवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की।
राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा
राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में आगामी कुछ दिन बारिश की गतिविधियों में कमी रहेगी, हालांकि 20 अगस्त से कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य के अधिकतर भागों में आगामी 2-3 दिन बारिश के गतिविधियों में कमी रहने की संभावना है। हालांकि पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अनुसार, 20 से 23 अगस्त के दौरान पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर संभाग के कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश होने व शेष भागों में कमजोर बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकतर भागों में आगामी 4-5 दिन कमजोर मानसून परिस्थितियां रहेंगी तथा ज्यादातर भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। बीकानेर संभाग के उत्तरी भागों व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में 20 से 22 अगस्त के दौरान हल्की मध्यम बारिश हो सकती है।
अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट
अरुणाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश और बिजली चमकने का पूर्वानुमान जताया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, तवांग, पश्चिम कामेंग, पूर्वी कामेंग, पापुम पारे, लोअर सुबनसिरी, अपर सुबनसिरी, पूर्वी सियांग, लोअर दिबांग, लोहित, अंजॉ, नामसाई, चांगलांग, तिरप और लोंगडिंग समेत कई जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है। वीकेंड तक मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने की संभावना है। मौसम खराब रहने के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
