शहर

17 अगस्त का मौसम : संडे-मंडे बादल बरसेंगे झूम-झूम, मौसम रहेगा कूल-कूल; आंधी-वज्रपात का अलर्ट

Kal Ka Mausam, 17 अगस्त 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega : मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में काले घने बादल छाए रहने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इस दौरान वज्रपात के खतरे के बीच कहीं हल्की तो कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, यूपी और राजस्थान के कुछ हिस्सों में मानसून रूठा रहेगा, जिससे गर्मी और उमस का एहसास हो सकता है। लेकिन पहाड़ों में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बादल फटने एवं मूसलाधार वर्षा का येलो अलर्ट घोषित किया है।

Image

कल का मौसम

कल का मौसम कैसा रहेगा 17 अगस्त 2025 : भादो महीने की शुरुआत से ही मानसून में तेजी देखी जा रही है। देश के विभिन्न राज्यों में मौसमी गतिविधियां जारी हैं, जिससे मौसम काफी सुहावना है और कई तराई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत में तेज वर्षा के संकेत दिए हैं। 17 अगस्त को हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का येलो अलर्ट जारी है। इस दौरान हल्की आंधी-तूफान, काले बादलों की गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी है, जिससे वीकेंड यानी रविवार- सोमवार को मौसम खुशनुमा रहेगा और गर्मी से राहत मिलेगी। उधर, पहाड़ी राज्यों में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में रविवार को बादल फटने और मूसलाधार बारिश के साथ लैंडस्लाइड का अलर्ट है। आईएमडी की मानें तो अगले कुछ तक तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, त्रिपुरा और मेघालय में मानसूनी बादल बरसते रहेंगे, जिससे नदियों का जलस्तर बढ़ा रहेगा और लोगों को बाढ़ जैसी समस्याओं से जूझना पड़ सकता है। कमोबेश ऐसा ही मौसम महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा में रहने की संभावना है।

शहर का नामन्यूनतम तापमान/°Cअधिकतम/°C
मुंबई 2628
दिल्ली2832
जयपुर2732
भोपाल2429
लखनऊ2833
पटना2834
देहरादून2427
शिमला1823
जम्मू-कश्मीर1318
चेन्नई2732
हैदराबाद2327

दिल्ली में कल का मौसम

दिल्ली में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने संडे और मंडे को बारिश का पूर्वानुमान जताया है। अगर, तापमान की बात करें तो यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री कम 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, रविवार को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। कमोबेश ऐसी ही बारिश एनसीआर के नोएडा, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा और फरीदाबाद में दर्ज की जाएगी, जिससे वीकेंड पर मौसम काफी सुहावना रहेगा। लगातार बारिश के कारण दिल्ली-एनसीआर की हवा काफी साफ हो गई है। लिहाजा लोग शुद्ध हवा में सांस ले रहे हैं। मौजूदा समय में एक्यूआई करीब 100 के आसपास पहुंच गया है, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है। उधर, दिल्ली के किनारे प्रवाहित यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर है।

यूपी में कल कैसा रहेगा मानसून?

उत्तर प्रदेश का मौसम करवट ले रहा है। अगले तीन से चार दिन तक मानसून में कुछ सुस्ती के संकेत हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 16, 17, 18 और 19 तक बादलों की आवाजाही के बीच छिटपुट बारिश की संभावना है। बारिश में कमी और धूप की मौजूदगी से दिन और रात्रि के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे गर्मी और उमस बेचैन परेशान कर सकती है। हालांकि, बारिश का दौर अभी खत्म नहीं होगा। 21 तक एक बार फिर मानसून तेजी पकड़ सकता है। रविवार को अगस्त को करीब 20 से 20 जिलों में बादल छाए रहने मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों हापुड़, बागपत, मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, संभल, बिजनौर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, मैनपुरी, इटावा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, जालौन, झांसी, ललितपुर, खीरी और हरदोई में मध्यम बारिश हो सकती है। कानपुर फतेहपुर समेत पूर्वी जिलों में धूप छांव का खेल जारी रहने का अनुमान है।

कल बिहार में कैसा रहेगा मौसम का हाल

बिहार में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 17 अगस्त को राज्य के 9 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। अधिकतर हिस्सों में मेघ गर्जन और ठनका (आकाशीय बिजली) गिरने का अलर्ट घोषित है। आईएमडी के मुताबिक, रविवार को पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। पटना, गया, वैशाली, दरभंगा, भागलपुर और हाजीपुर में बादल छाए रहेंगे और हल्की बौछारें पड़ सकती है। उधर, यूपी और नेपाल की ओर से आ रहे भारी मात्रा में पानी की वजह से गंगा, कोसी, बूढी और गंडक नदियां उफान पर हैं, जिससे तराई क्षेत्र में बाढ़ का खतरा बना हुआ है।

राजस्थान में कैसा है मौसम?

राजस्थान में के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज जारी है, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक हफ्ते तक मानसून के सक्रिय रहने का अनुमान है। लिहाजा, 17, 18 और 19 अगस्त को पश्चिमी हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। IMD के हवाले से आगामी चार से पांच दिन दक्षिणी राजस्थान के उदयपुर, जोधपुर संभाग के कुछ भागों में मेघ गर्जन के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। कोटा, अजमेर, जयपुर, भरतपुर व बीकानेर संभाग के कुछ भागों में मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मूसलाधार बारिश के कारण तापमान में कमी आएगी, जिससे कई दिनों तक मौसम काफी सुहावना रह सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

हरियाणा का मौसम

हरियाणा में भारी बारिश दर्ज की जा रही है। राज्य के कैथल, पानीपत, अंबाला, यमुनानगर, करनाल और अंबाला में भारी बारिश की संभावना है। राज्य में अधिक बारिश के कारण हथिनीकुंड बांध फुल हो गया है, जिसे खोल दिया गया है। अत्यधिक पानी एक साथ खोलने से तराई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात हैं। यमुना का जलस्तर बढ़ा हुआ है। मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, भिवानी, चरखी, दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, हिसार, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, कुरुक्षेत्र, सोनीपत, जींद, सिरसा और फतेहाबाद में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। उधर, पंजाब में भी मौसमी गतिविधियां तेज हैं, जिससे मौसम खुशनुमा बना हुआ है।

उत्तराखंड का मौसम

पहाड़ों में भयंकर मौसम का कहर जारी है। उत्तराखंड में बादलों ने आफत पैदा कर दी है। मौसम विभाग ने रविवार को राजधानी देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और नैनीताल में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा और पौढ़ी में मध्यम से तेज बारिश की संभावना है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और बाढ़ के साथ लैंडस्लाइड की संभावना बनी हुई है।

हिमाचल प्रदेश में बादल फटने का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में मानसूनी आफत बनी रहेगी। आईएमडी ने अगले 4 दिन तक भारी बारिश के संकेत दिए हैं। पिछले कई दिनों से जारी भीषण बारिश के कारण सतलज समेत कई नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। रविवार और सोमवार को चंबा, ऊना, कांगड़ा, शिमला और सिरमौर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मंडी, कुल्लू और किन्नौर में मूसलाधार बारिश के कारण भारी लैंडस्लाइड से 300 से अधिक सड़कें अवरुद्ध हैं। लिहाजा, लोगों से यात्रा न करने की सलाह की अपील की जा रही है। मौसम विभाग ने बादल फटने और लैंडस्लाइड का खतरा जताया है।

जम्मू-कश्मीर का मौसम

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त है। कई जगहों पर जान-माल की हानि हुई है। किश्तवाड़ में बादल फटने के बाद बचाव कार्य जारी है। मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में काले बादल छाए रहने और भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है, जिससे अचानक बाढ़ और लैंडस्लाइड जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

मुबई का मानसून

मुबई में मानसूनी बारिश से कई इलाकों में पानी भर गया और उपनगरीय रेल सेवाएं प्रभावित हुईं। आईएमडी मायानगरी के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें महानगर में दो दिन तक भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। बीएमसी ने भी लोगों से अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन तक ऐसा ही मौसम रहने के संकेत दिए हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article