शहर

रांची में छात्रों का आंदोलन तेज, आज निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा; 10 अगस्त को विधानसभा घेराव का ऐलान

रांची में धरने पर बैठे छात्र बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकालेंगे। छात्रों ने सरकार पर CID जांच के जरिए मामले को दबाने का आरोप लगाया और 10 अगस्त को विधानसभा घेराव की चेतावनी दी।

Image

रांची में धरना पर बैठे छात्र आज निकालेंगे तिरंगा यात्रा (File Photo)

Photo : ANI

Jharkhand Students Protest: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC), JSSC-CGL और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ रांची में छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। पिछले आठ दिनों से रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे छात्रों ने आज तिरंगा यात्रा निकालने का ऐलान किया है। छात्र बुधवार शाम 5 बजे भव्य तिरंगा यात्रा निकालेंगे। यह यात्रा जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू होकर फिरायालाल चौक तक जाएगी।

CBI या स्वतंत्र न्यायिक जांच की मांग

छात्रों का कहना है कि उन्हें झारखंड सरकार द्वारा कराई जा रही CID जांच पर भरोसा नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि पूरे भर्ती घोटाले की जांच CBI या झारखंड से बाहर के रिटायर्ड हाईकोर्ट जजों के स्वतंत्र पैनल से कराई जाए। हजारीबाग के अभ्यर्थी विनय मेहता ने आरोप लगाया कि JSSC-CGL पेपर लीक मामले में पहले भी CID जांच हो चुकी है। अभ्यर्थी ने कहा कि जांच में CID ने ही माना था कि 150 में से 135 प्रश्नों के उत्तर लीक हुए थे। सबूत देने के बावजूद अधिकारियों ने कोई सख्त कार्रवाई नहीं की। इसलिए हम मांग करते हैं कि इसकी जांच सीबीआई या झारखंड से बाहर के सेवानिवृत्त जजों के स्वतंत्र पैनल से कराई जाए।

शिबू सोरेन को देंगे श्रद्धांजलि प्रदर्शनकारी

आंदोलन से जुड़े पलामू के छात्र नेता पवन गोस्वामी ने बताया कि प्रदर्शनकारी पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर उनके आवास जाकर श्रद्धांजलि भी देंगे। छात्रों का कहना है कि शिबू सोरेन उनके प्रेरणास्रोत रहे हैं।

10 अगस्त को विधानसभा घेराव की चेतावनी

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द ही कोई फैसला नहीं लिया तो 10 अगस्त को झारखंड विधानसभा का घेराव किया जाएगा। उनका कहना है कि फिलहाल आंदोलन शांतिपूर्ण है, लेकिन अनदेखी जारी रही तो इसे और व्यापक बनाया जाएगा। आंदोलनकारी नेता देवेंद्र नाथ महतो पिछले कई दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। वहीं, AISA सहित कई छात्र और सामाजिक संगठनों ने आंदोलन को समर्थन दिया है।

सरकार और विपक्ष आमने-सामने

JMM विधायक कल्पना सोरेन ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि राज्य सरकार छात्रों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और इसका समाधान निकालने की दिशा में काम कर रही है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि यह मामला केवल पेपर लीक तक सीमिन नहीं, बल्कि सरकारी नौकरियों की बिक्री से जुड़ा है। उन्होंने भी भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच के लिए CBI जांच की मांग दोहराई।

प्रदर्शन को CJP का समर्थन

छात्रों का कहना है कि जब तक भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। AISA सहित कई छात्र और सामाजिक संगठनों ने आंदोलन को समर्थन दिया है। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी वीडियो कॉल के जरिए छात्रों से बात कर उनके आंदोलन का समर्थन किया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article