शहर

Ranchi: विधानसभा कूच कर रहे ABVP कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका, धक्का-मुक्की के बाद माहौल तनावपूर्ण

Ranchi News: रांची में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में ABVP कार्यकर्ताओं ने विधानसभा घेराव का एलान किया। पुराना विधानसभा के पास पुलिस रोकने पहुंची तो बस में बैठाने के दौरान तीखी झड़प हुई।

Image

पुलिस और ABVP कार्यकर्ताओं में झड़प

Photo : ANI

Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची में छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज की तपिश दूसरे दिन भी सड़कों पर महसूस की गई। सोमवार को छात्रों और पुलिस के बीच हुए टकराव के बाद, मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने मोर्चा संभालते हुए राज्य विधानसभा के घेराव का व्यापक ऐलान किया। मार्च के दौरान पुराना विधानसभा के पास पुलिस और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच जबर्दस्त धक्का-मुक्की और झड़प देखने को मिली, जिससे काफी देर तक इलाके में अफरातफरी और तनाव का माहौल बना रहा।

पुराने विधानसभा के पास रोका गया मार्च

ABVP कार्यकर्ताओं की योजना पुराने विधानसभा परिसर से एकजुट होकर नए विधानसभा भवन की ओर कूच करने की थी। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पहले से ही पुख्ता इंतजाम कर रखे थे। हाथों में लाठियां और सुरक्षा उपकरण थामे भारी संख्या में पुलिस बल मुस्तैद रहा। कार्यकर्ताओं के इकट्ठा होते ही पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया और बसों में बैठाकर मौके से हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।

बस में बैठाने को लेकर बढ़ा तनाव, सड़क पर लेटे कार्यकर्ता

पुलिस की कार्रवाई के बाद स्थिति अचानक बिगड़ गई। विधानसभा जाने की जिद पर अड़े कार्यकर्ताओं ने पुलिसिया कार्रवाई का कड़ा विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पुलिस द्वारा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बसों में बैठाए जाने के दौरान दोनों ओर से धक्का-मुक्की हुई। विरोध जताते हुए कई ABVP कार्यकर्ता पुलिस बस के ठीक आगे सड़क पर लेट गए, जिसके कारण वाहनों के पहिए थम गए और पुलिस को मजबूरन कार्रवाई रोकनी पड़ी।

लगातार दूसरे दिन आमने-सामने पुलिस और छात्र

बता दें कि सोमवार को भी अपनी मांगों को लेकर विधानसभा घेराव करने निकले छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। उसी घटना के विरोध में अगले दिन ABVP ने विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और प्रतिबंधित क्षेत्र में भीड़ को रोकने के लिए एहतियातन कदम उठाए गए, जबकि संगठन के प्रतिनिधियों ने पुलिस पर बर्बरता और लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन का आरोप लगाया है।

Abhishek Raj
अभिषेक राजauthor

मैं अभिषेक राज वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में सीनियर रिपोर्टर के पद पर कार्यरत हूँ, मैं टाइम्स नाउ नवभारत के लिए national crime इंवेस्टिगेशन और स्पेशल स्टोरी का काम देखता हूं। इससे पहले मैं ZEE न्यूज़ में crime और इन्वेस्टीगेशन विभाग में रिपोर्टर के पद पर तैनात था. मैंने ऑपरेशन मुख्यमंत्री, ऑपरेशन धर्ममंत्रण के स्लीपर सेल, ऑपरेशन किसान आंदोलन जीवी, श्रद्धा मर्डर केस, तुनिषा शर्मा आत्महत्या केस, हिमाचल बाढ़ त्रासदी, एल्विश यादव केस आदि जैसी कई स्टोरीज़ की हैं।

और पढ़ें
End of Article