Palamu News: झारखंड के पलामू जिले में अंधविश्वास और कुप्रथा का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। उंटारी रोड थाना क्षेत्र के ग्राम मुरमा कला टोला लकड़ही में डायन-बिसाही के शक में दो पक्षों के बीच हुए हिंसक खूनी संघर्ष में चनका रजवार नामक युवक की कुल्हाड़ी और लाठी से मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी चाचा प्रभु रजवार सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी टांगी और बांस की लाठी भी बरामद कर ली है।
ओझा का बहकावा बना हत्या की वजह
पुलिस अनुसंधान और दर्ज प्राथमिक प्राथमिकी के अनुसार, वारदात की मुख्य वजह अंधविश्वास से जुड़ी है। आरोपी प्रभु रजवार (48) की आठ वर्षीय पुत्री का बीते 2 अगस्त को बीमारी के कारण देहांत हो गया था। बेटी की मृत्यु से दुखी प्रभु रजवार गांव के एक ओझा के पास गया। ओझा ने उसे बहकाया कि उसकी पड़ोसी ललिता देवी और दुर्गा देवी टोना-टोटका करती हैं, जिसके कारण उसकी बच्ची की जान गई है। ओझा की बात में आकर प्रभु रजवार घर लौटा और दोनों महिलाओं के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगा, जिसने जल्द ही बड़े हिंसक विवाद का रूप ले लिया।
कुल्हाड़ी और लाठी से जानलेवा हमला
विवाद बढ़ने पर प्रभु रजवार और उसके परिवार के सदस्यों ने धारदार हथियार कुल्हाड़ी और लाठी से लैस होकर चनका रजवार और उसके परिजनों पर हमला बोल दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण चनका रजवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस खूनी संघर्ष में मृतक के परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं।
5 गिरफ्तार, हत्या का हथियार जब्त
घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद उंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH), मेदिनीनगर भेजा है। मृतक के पिता नन्दु रजवार के बयान पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभु रजवार, झुबली देवी, गुड्डन रजवार, विमलेश रजवार और सीताराम रजवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
