झारखंड के रामगढ़ जिले से एक बड़े औद्योगिक हादसे की खबर सामने आई है। रविवार दोपहर एक निजी स्टील प्लांट की भट्ठी में अचानक जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में कम से कम 9 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। भट्ठी फटने के कारण अंदर भरा उबलता हुआ पिघला लोहा अचानक बाहर आ गिरा, जिससे काम कर रहे कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए।
कुजू क्षेत्र के मुरपा गांव की घटना
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह घटना रविवार दोपहर रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र अंतर्गत स्थित मुरपा गांव में हुई। रोज की तरह स्टील प्लांट में सामान्य काम-काज चल रहा था, तभी अचानक भट्ठी के चेंबर में तकनीकी खराबी या प्रेशर के कारण जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। सभी घायल मजदूरों को तत्काल पास के अस्पताल ले जाया गया। मुख्य फैक्टरी निरीक्षक मनीष सिन्हा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया, "संयंत्र की भट्ठी में अचानक विस्फोट होने से गर्म धातुओं के छींटे आसपास काम कर रहे मजदूरों पर आ गिरे, जिससे वे झुलस गए। प्राथमिक उपचार के बाद दो मजदूरों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।"
अप्रैल में भी रामगढ़ में हुआ था हादसा
बता दें कि अप्रैल के महीने में भी रामगढ़ जिले में एक ऐसी ही घटना हुई थी। जिले के अरगड्डा मोड़ के पास हेसला स्थित झारखंड इस्पात प्लांट प्राइवेट लिमिटेड में फर्नेस ब्लास्ट हो गया था। इस दर्दनाक हादसे में प्लांट में काम कर रहे 9 मजदूर बुरी तरह झुलस गए थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और मजदूरों ने आरोप लगाया था कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह दुर्घटना हुई थी।
