Jhansi Fire News: झांसी में पुरानी सब्जी मंडी में बुधवार सुबह आगजनी की घटना से हड़कंप मच गया। जहां एक युवक ने पेट्रोल छिड़ककर कई दुकानों में आग लगा दी। इस घटना में करीब दो दर्जन दुकानें और उनमें रखा सामान जलकर राख हो गया। इस घटना से दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है।
पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का फुटेज
यह आगजनी की घटना सीपरी बाजार थाना क्षेत्र स्थित पुरानी सब्जी मंडी की है। जिसका सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
वीडियो में एक युवक मंडी में पेट्रोल छिड़कता और फिर आग लगाता नजर आ रहा है। यह फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दुकानदारों को हटाने को लेकर विवाद
बताया जा रहा है कि कुछ लोग पुरानी सब्जी मंडी के दुकानदारों को वहां से हटाना चाहते हैं। इसी विवाद के बीच आगजनी की यह घटना सामने आई है। हालांकि, आग लगाने के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। आग तेजी से फैलने के कारण मंडी की करीब दो दर्जन दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। दुकानों में रखा सब्जी समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया। दुकानदारों के मुताबिक, घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
दमकल ने समय रहते पाया काबू
आग की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। पुरानी सब्जी मंडी घनी बस्ती में स्थित है। ऐसे में अगर समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो आसपास की दुकानों और मकानों तक यह तेजी से फैल सकती थी, ऐसे में एक बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आग लगाने वाले युवक की पहचान करने में जुटी है। आगजनी के पीछे की वजह और पूरे मामले की भी जांच की जा रही है।
