शहर

Jaunpur News: 22 साल पुराने हत्या के मामले में चार भाइयों को उम्रकैद

Jaunpur News: जौनपुर की अदालत ने 22 साल पुराने हत्या के एक मामले में चार भाइयों को उम्रकैद और 80-80 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। इस मामले में दो आरोपियों को बरी कर दिया गया है।

Image

सात लोगों के खिलाफ हत्या सहित कई गंभीर धाराओं में हुई थी FIR

Jaunpur News: उत्तर प्रदेश में जौनपुर की एक अदालत ने 22 साल पुराने हत्या के मामले में सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के मौजूदा प्रतिनिधि मनोज मौर्य सहित चार भाइयों को उम्रकैद और 80-80 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।

हालांकि, वर्तमान में कुशवाहा के प्रतिनिधि मनोज मौर्य साल 2004 में हुई हत्या की घटना के समय राजनीति में नहीं थे और न ही उनका बाबू सिंह कुशवाहा से कोई जुड़ाव था।

सरकारी वकीलों ने बताया कि अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल यादव की अदालत ने मामले में चारों आरोपियों को दोषी ठहराया और फैसला सुनाए जाने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेजने का आदेश दिया।

अभियोजन पक्ष के मुताबिक, मामला 16 अगस्त 2004 का है। उस दिन लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मियांपुर मोहल्ले में कचहरी तिराहे के पास जमीन विवाद को लेकर आशीष मौर्य नामक व्यक्ति की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

इस मामले में लाइन बाजार थाने में सात लोगों के खिलाफ हत्या सहित कई गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की गई थी।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, नामजद सात आरोपियों में राम सेवक मौर्य, अश्वनी मौर्य, पवन मौर्य और मनोज मौर्य भी शामिल थे। अदालत ने दो अन्य आरोपियों को बरी कर दिया, जबकि एक अन्य आरोपी की सुनवाई के दौरान मौत हो गई।

अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद राम सेवक मौर्य, अश्वनी मौर्य, पवन मौर्य और मनोज मौर्य को हत्या का दोषी पाया और चारों को उम्रकैद के साथ ही 80-80 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article