शहर

जम्मू-कश्मीर में संदिग्ध गतिविधियों के बाद हाई अलर्ट, उधमपुर-रियासी-कठुआ में सर्च ऑपरेशन

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, रियासी और कठुआ में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली है। जिसके बाद सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है।

Image

उधमपुर के तलोट गांव में दो संदिग्ध दिखे, पुलिस-CRPF ने चलाया सर्च ऑपरेशन (सांकेतिक फोटो)

Photo : PTI

जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों की खबर मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। सुरक्षा बलों ने कई इलाकों में तलाशी अभियान भी तेज कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, उधमपुर, रियासी और कठुआ में संदिग्ध लोग दिखाई दिए थे। जिसके बाद पुलिस ने CRPF के साथ मिलकर अलग-अलग क्षेत्रों में घेराबंदी और तलाशी अभियान (CASO) शुरू किया है।

जानकारी के मुताबिक, उधमपुर के तलोट गांव में सोमवार देर रात दो संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि संदिग्धों ने गांव में एक घर का दरवाजा खटखटाया और उनसे खाना मांगा। ग्रामीणों के मुताबिक, संदिग्धों ने कई मिनट तक उनका दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दोनों संदिग्ध शॉल ओढ़े हुए खुबान की दिशा में जाते हुए दिखाई दिए। उनकी गतिविधि पर संदेह होने के बाद ग्रामीणों ने तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को इसकी सूचना दी।

पुलिस और CRPF ने गांव को घेरा

सूचना मिलते ही पुलिस और CRPF की संयुक्त टीमें तत्काल तलोट गांव पहुंचीं। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी की और आसपास के इलाकों में CASO शुरू किया। संदिग्धों की तलाश में घरों, रास्तों और आसपास के संभावित ठिकानों में तलाशी की जा रही है। अधिकारियों की ओर से फिलहाल संदिग्धों की पहचान या उनके किसी आतंकी संगठन से संबंध की पुष्टि नहीं की गई है। सुरक्षा बल एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं।

रियासी और कठुआ में भी तलाशी अभियान

उधमपुर के अलावा सुरक्षा बलों ने रियासी जिले के सदिनी जंगलों में भी तलाशी अभियान चलाया है। वहीं कठुआ के हीरानगर सेक्टर में इंटरनेशनल बॉर्डर के आसपास स्थित कई गांवों में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। सुरक्षा एजेंसियां उन सभी इलाकों में भी तलाशी जारी रखे हुए हैं, जहां पिछले कुछ दिनों में संदिग्ध गतिविधियों की खबर सामने आई थी।

ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील

सुरक्षा बलों की ओर से सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों से कहा गया है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल उधमपुर, रियासी और कठुआ के कई इलाकों में सुरक्षा बलों की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। तलाशी अभियान के दौरान संदिग्ध लोगों की तलाश के साथ-साथ इलाके में आने-जाने वाले रास्तों पर भी निगरानी रखी जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article