शहर

Jaipur NEET Re-Exam: थ्री-लेयर सिक्योरिटी को कैसे चकमा देकर एग्जाम सेंटर में फोन लेकर पहुंची छात्रा? हाईटेक चीटिंग पर हुआ चौंकाने वाला खुलासा

जयपुर में NEET री-एग्जाम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई है, जहां एक छात्रा मोबाइल फोन परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने में सफल रही। आरोप है कि उसने प्रश्न पत्र की तस्वीर लेकर AI की मदद से उत्तर प्राप्त करने की कोशिश की, लेकिन 5G जैमर के कारण नेटवर्क नहीं मिलने से उसकी योजना विफल हो गई।

Image

जयपुर में NEET री-एग्जाम में AI से नकल की कोशिश नाकाम (प्रतीकात्मक फोटो)

Jaipur News: जयपुर में NEET री-एग्जाम में मोबाइल ले जाने के मामले का खुलासा हुआ है। डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने एक प्रेसवार्ता कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि छात्रा ने एग्जाम सेंटर के अंदर प्रश्न पत्र की फोटो लेकर उसे AI के जरिए हल करने की कोशिश की, लेकिन परीक्षा केंद्र पर लगे 5G जैमर की वजह से नेटवर्क नहीं मिल पाया और वह सवाल हल नहीं कर सकी।

थ्री लेयर सिक्योरिटी पार कर अंदर लाई फोन

डीसीपी वेस्ट ने बताया कि पूरे मामले में सबसे बड़ी सुरक्षा चूक परीक्षा केंद्र पर हुई, जहां सुरक्षा की तीन लेयर पार कर छात्रा मोबाइल अंदर ले जाने में कामयाब हो गई। शुरुआती जांच में सामने आया कि चेकिंग के दौरान मेटल डिटेक्टर में हल्की बीप की आवाज आई थी, लेकिन छात्रा ने अपने कपड़े में लगे लोहे की वजह से आवाज आने की बात कही थी।

कहां छुपाया था मोबाइल फोन?

पुलिस के अनुसार छात्रा ने मोबाइल फोन को अपने अंडर गारमेंट के अंदर बेहद सावधानी से छुपाया था, जिसके कारण डीप स्कैन नहीं किया जा सका। परीक्षा के दौरान छात्रा के बार-बार झुकने पर परीक्षा ड्यूटी में तैनात टीम को शक हुआ। इसके बाद जांच करने पर छात्रा के पास से मोबाइल फोन बरामद किया गया। मोबाइल फोन की जांच में प्रश्न पत्र की फोटो मिली है। पुलिस के मुताबिक छात्रा ने AI की मदद से सवाल हल करने की कोशिश की गई थी, लेकिन नेटवर्क नहीं मिलने के कारण वह ना तो फोटो बाहर भेज सकी और ना ही प्रश्नों के जवाब हासिल कर पाई।

मोबाइल फोन की एफएसएल जांच जारी

पुलिस का कहना है कि अभी तक ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है जिससे यह साबित हो कि प्रश्न पत्र परीक्षा केंद्र से बाहर भेजा गया हो। बावजूद इसके मामले की गहन जांच जारी है। फिलहाल मोबाइल फोन की एफएसएल जांच करवाई जा रही है। पुलिस ने छात्रा को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए गए हैं। वहीं परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article