शहर

जयपुर हिंसा के 24 घंटे बाद दूसरी जगह शिफ्ट हुआ स्कूल, CJP और ग्रामीणों पर क्रॉस FIR दर्ज

जयपुर के रामपुरा कंवरपुरा में कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janata Party) के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के बीच स्कूल निरीक्षण को लेकर हुई हिंसक झड़प के 24 घंटे भीतर प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। विवादित स्कूल को 50 मीटर दूर दूसरी बिल्डिंग में शिफ्ट कर दिया गया है।

Image

जयपुर में खूनी झड़प के बाद एक्शन (Photo: ANI/Times Now Digital)

राजस्थान के जयपुर जिले स्थित राजकीय प्राथमिक स्कूल रामपुरा कंवरपुरा के निरीक्षण को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janata Party)के प्रतिनिधिमंडल और स्थानीय ग्रामीणों के बीच हुए हिंसक विवाद का असर दिखने लगा है। घटना के ठीक 24 घंटे बाद शनिवार सुबह प्रशासन ने एहतियातन कदम उठाते हुए स्कूल को 50 मीटर दूर एक अन्य भवन में शिफ्ट कर दिया है। वहीं दूसरी ओर, इस पूरे मामले को लेकर जयपुर के शिवदासपुरा थाने में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया गया है।

जयपुर साउथ के डीसीपी राजर्षि राज वर्मा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को CJP और ग्रामीणों दोनों पक्षों से शिकायतें मिली थीं। इन शिकायतों के आधार पर दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर ली गई हैं। पुलिस ने मामले की निष्पक्ष जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों से जुड़े लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। डीसीपी ने स्पष्ट किया कि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों और सबूतों के आधार पर ही आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दोनों पक्षों ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल

    विवाद के दौरान दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट करने, गाली-गलौज करने और क्षेत्र में हुड़दंग मचाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इतना ही नहीं, दोनों पक्षों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए एक-दूसरे का पक्ष लेने और दबाव बनाने के आरोप जड़े हैं।

    इस बीच, CJP के कार्यकर्ता आशुतोष रांका ने घटना को पहले से नियोजित हमला करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस हिंसा को अंजाम देने के लिए बाहर से गुंडे बुलाए गए थे, जिन्होंने जानलेवा पथराव किया।

    हमला करने वाले लोग स्थानीय विधायक के साथ देखे गए-रांका

    रांका ने दावा किया कि ये वही लोग थे जिन्हें घटना की पूर्व संध्या पर बगरू से स्थानीय विधायक कैलाश वर्मा के साथ देखा गया था। दूसरी तरफ, आंध्र प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता शेख बाजी ने सीजेपी पर निशाना साधते हुए उसे कांग्रेस का एजेंट बताया और आरोप लगाया कि यह संगठन इस घटना का बेवजह राजनीतिकरण कर रहा है।

    Lakhveer Singh Shekhawat
    लखवीर सिंह शेखावतauthor

    पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

    और पढ़ें
    End of Article