स्पोर्ट्स

ग्रैंड चेस टूर फाइनल: प्रज्ञानानंदा के सामने ‘करो या मरो' मुकाबले में विंसेंट कीमर की चुनौती

भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा की ग्रैंड चेस टूर के ग्रैंड फिनाले के सेमीफाइनल में जर्मनी के विंसेंट कीमर से भिड़ंत होने जा रही है।

Image

आर प्रज्ञानानंदा

सेंट लुइस (अमेरिका): भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा यहां ग्रैंड चेस (शतरंज) टूर के ग्रैंड फिनाले के सेमीफाइनल में जर्मनी के विंसेंट कीमर से भिड़ेंगे।सिनक्वेफील्ड कप के समापन पर 35.5 अंक के साथ तालिका में शीर्ष पर रहे प्रज्ञानानंदा के सामने कीमर की कड़ी चुनौती होगी। सेमीफाइनल जीतने वाला खिलाड़ी फाइनल में प्रवेश करेगा, जबकि हारने वाले खिलाड़ी को तीसरे स्थान के लिए मुकाबला करना होगा।

लाइव रेटिंग में शीर्ष भारतीय प्रज्ञानानंदा इससे पहले भी अंतिम चार में पहुंच चुके हैं। पिछले साल भी उन्होंने सेमीफाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन दोनों मुकाबले हारकर चौथे स्थान पर रहे थे। दूसरा सेमीफाइनल अमेरिका के फैबियानो करूआना और वेस्ली सो के बीच खेला जाएगा। दोनों ने पूरे टूर में शानदार निरंतरता दिखाते हुए अंतिम चार में जगह बनाई है। करूआना मौजूदा चैंपियन हैं और क्लासिकल, रैपिड तथा ब्लिट्ज के मिश्रित प्रारूप में खिताब बचाने की कोशिश करेंगे।

सेमीफाइनल की शुरुआत दो क्लासिकल बाजियों से होगी। प्रत्येक जीत पर छह अंक मिलेंगे, जबकि ड्रॉ की स्थिति में दोनों खिलाड़ियों को तीन-तीन अंक मिलेंगे। इसके बाद अगले दिन रैपिड और ब्लिट्ज मुकाबले खेले जाएंगे। रैपिड में जीत के लिए चार अंक और ड्रॉ पर दोनों खिलाड़ियों को दो-दो अंक मिलेंगे। इसके बाद चार ब्लिट्ज बाजियां होंगी, जिसमें प्रत्येक जीत पर दो अंक और ड्रॉ पर एक-एक अंक मिलेगा। हारने वाले खिलाड़ी को कोई अंक नहीं मिलेगा।

सेमीफाइनल में कुल 28 अंक दांव पर होंगे और 15 अंक हासिल करने वाला खिलाड़ी फाइनल में पहुंचेगा। हारने वाले दोनों सेमीफाइनलिस्ट तीसरे स्थान के लिए आमने-सामने होंगे। प्रतियोगिता में शीर्ष तीन स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को अगले साल के ग्रैंड चेस टूर में सीधे प्रवेश मिलेगा। खिताब जीतने वाले खिलाड़ी को दो लाख डॉलर की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article