शहर

IIT दिल्ली में 6 महीने के अंदर दूसरे छात्र ने क्यों की आत्महत्या? जवाब जानने में जुटी पुलिस; खंगाला जा रहा मोबाइल रिकॉर्ड

IIT दिल्ली कैंपस में शनिवार सुबह 31 वर्षीय एमएससी फिजिक्स के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, छात्र ने लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स की छठी मंजिल से छलांग लगाई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और छात्र की मौत के पीछे की वजह जानने के लिए उसके मोबाइल, संपर्कों और अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Image

मृतक छात्र की फाइल फोटो

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

IIT Delhi Student Death: IIT दिल्ली कैंपस में शनिवार सुबह एक 31 वर्षीय छात्र ने बिल्डिंग की छठी मंजिल से कूदकर जान दे दी। घटना की सूचना सुबह करीब 8:33 बजे पुलिस को मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को आईआईटी कैंपस के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, मृतक आईआईटी दिल्ली के एमएससी फिजिक्स विभाग का छात्र था। शुरुआती जांच में पता चला है कि वह सुबह करीब 8 बजे आईआईटी के मुख्य गेट से कैंपस में दाखिल हुआ था। इसके बाद वह लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स पहुंचा और लिफ्ट से छठी मंजिल पर गया। कुछ देर बाद उसने बिल्डिंग के सामने की तरफ छलांग लगा दी।

कोई सुसाइड नोट नहीं मिला

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर क्राइम टीम और एफएसएल की टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी सबूत जुटाए। पुलिस को छात्र के शरीर पर गिरने से लगी चोटों के अलावा किसी और तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। छात्र की जेब से उसका मोबाइल फोन मिला है। पुलिस अब मोबाइल की जांच के साथ उसके संपर्क में रहे लोगों और हाल की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

आत्महत्या की दूसरी घटना

IIT से छात्र के काउंसलिंग रिकॉर्ड और दूसरी जरूरी जानकारी भी मांगी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में छात्र ने यह कदम उठाया। गौरतलब यह भी है कि आईआईटी दिल्ली कैंपस में मार्च के बाद आत्महत्या की यह दूसरी घटना है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मार्च में बीटेक प्रथम वर्ष के 19 वर्षीय छात्र ने कैंपस स्थित अपने अपार्टमेंट में आत्महत्या कर ली थी। घटना के अगले ही दिन पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया था और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी थी।

पैनआईआईटी एलुमनाई इंडिया ने जताया दुख

छात्र की मौत पर पैनआईआईटी एलुमनाई इंडिया (PanIIT Alumni India) के चेयरमैन प्रभात कुमार ने गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र या युवा को पढ़ाई का दबाव, निजी परेशानी या जिंदगी का मुश्किल दौर अकेले नहीं झेलना चाहिए। परेशानी के समय किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करना और मदद लेना काफी अहम हो सकता है। उन्होंने कहा कि संस्थानों और समाज को मिलकर ऐसा माहौल बनाना चाहिए, जहां युवा अपनी परेशानियों के बारे में खुलकर बात कर सकें। छात्रों को यह भरोसा होना चाहिए कि मुश्किल वक्त में उनकी बात सुनने और उनका साथ देने वाला कोई न कोई जरूर है। फिलहाल पुलिस छात्र की मौत की वजह पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article