देश

बंगाल की खाड़ी में पनामा का कार्गो जहाज डूबा, 24 क्रू मेंबर सवार; भारतीय नौसेना और कोस्ट गार्ड का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Image

बंगाल की खाड़ी में पनामा का कार्गो जहाज डूबा (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : PTI

बंगाल की खाड़ी में बड़े हादसे की जानकारी सामने आई है। यहां ओडिशा के पारादीप तट से करीब 240 समुद्री मील दूर पनामा के झंडे वाला एक कार्गो जहाज के लापता होने की घटना सामने आई है। इस मालवाहक जहाज पर 24 क्रू मेंबर सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही भारतीय तटरक्षक बल और भारतीय नौसेना ने चालक दल के सदस्यों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। ‘Ocean Wear’ नाम का यह मालवाहक जहाज पारादीप पोर्ट से 20 अगस्त को लौह अयस्क लेकर चीन के लिए रवाना हुआ था।

मर्चेंट शिपिंग सेफ्टी सेंटर को 22 अगस्त को मिली थी संपर्क टूटने की सूचना

मर्चेंट शिपिंग सेफ्टी सेंटर (MRCC) को 22 अगस्त को दोपहर करीब 11:48 बजे MV Ocean Winner (IMO 9145530) से संपर्क टूटने की सूचना मिली। जहाज पर कुल 24 क्रू मेंबर सवार थे, जिनमें 20 चीनी, 3 म्यांमार और 1 बांग्लादेशी नागरिक शामिल थे। जहाज के ऑपरेटर Victory Star Group Co Ltd की ओर से सर्च एंड रेस्क्यू (SAR) सहायता मांगी गई। बताया जा रहा है कि ‘Ocean Wear’ ने 20 अगस्त को पारादीप पोर्ट से लौह अयस्क लेकर चीन के लिए अपनी यात्रा शुरू की थी। लेकिन रवाना होने के महज एक दिन बाद ही जहाज से संपर्क टूट गया।

ये थी आखिरी ज्ञात लोकेशन

जानकारी के मुताबिक, जहाज की आखिरी ज्ञात लोकेशन ईस्ट आइलैंड लाइट से करीब 310 नॉटिकल मील दूर बताई गई। सूचना मिलते ही MRCC ने भारतीय समुद्री खोज एवं बचाव नेटवर्क को सक्रिय किया और MT AISOPOS को जहाज और संभावित लाइफराफ्ट की तलाश के लिए डायवर्ट किया। रेस्क्यू अभियान के दौरान MT AISOPOS ने रात करीब 8 बजे दो अलग-अलग लाइफराफ्ट से दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया।

भारतीय तटरक्षक बल ने बढ़ाया रेस्क्यू ऑपरेशन

रेस्क्यू ऑपरेशन को और मजबूत करने के लिए ICGS Varad और ICGS Anmol को तैनात किया गया। इसके अलावा ICGS Vijit को भी श्री विजय पुरम से रवाना कर सर्च एंड रेस्क्यू अभियान में लगाया गया है। भारतीय तटरक्षक बल और अन्य एजेंसियां अब समुद्र में लापता जहाज और उसके बाकी क्रू मेंबरों की तलाश में जुटी हैं। 24 क्रू मेंबरों में से फिलहाल दो लोगों के सुरक्षित मिलने की पुष्टि हुई है। बाकी लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी है।

आसपास के जहाजों को भी किया गया अलर्ट

रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद के लिए घटनास्थल के आसपास मौजूद अन्य जहाजों को भी अलर्ट किया गया है। भारतीय कोस्ट गार्ड और नौसेना समुद्र में तलाशी और बचाव अभियान चला रहे हैं। जहाज किन परिस्थितियों में डूबा, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। बचाव अभियान जारी है और अधिकारियों की ओर से क्रू मेंबरों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

240 समुद्री मील दूर हुआ हादसा

यह घटना ओडिशा के पारादीप तट से लगभग 240 नॉटिकल मील दूर बंगाल की खाड़ी में हुई। समुद्र के बीचोंबीच हुए इस हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज कर दिया गया है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article