Jaipur News: राजस्थान में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के तहत जयपुर जिले की 133 ग्राम पंचायतों में आज यानी गुरुवार 5 नवंबर को सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान हो रहा है। वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू हुई। इन पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 856 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। मतदाता अपने गांव की सरकार चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं। खास बात ये है कि मतदान पूरा होने के बाद आज ही मतगणना होगी और देर रात तक चुनाव परिणाम भी घोषित हो जाएंगे।
जिला निर्वाचन शाखा के अनुसार, 133 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 1190 उम्मीदवारों ने नॉमिनेशन फाइल किया था। जांच के दौरान सभी नॉमिनेशन फॉर्म सही पाए गए। हालांकि, नाम वापसी की प्रक्रिया के दौरान 334 प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिए। इसके बाद चुनावी मुकाबले में 856 उम्मीदवारों के बीच रह गया।
किस पंचायत समिति में कितने उम्मीदवार मैदान में?
जिला निर्वाचन शाखा की रिपोर्ट के मुताबिक, जयपुर जिले की पांच पंचायत समितियों की 133 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए चुनाव (Sarpanch Election) हो रहा है।
- कोटखावदा : 27 ग्राम पंचायतों में 174 उम्मीदवार
- चाकसू : 32 ग्राम पंचायतों में 211 उम्मीदवार
- माधोराजपुरा : 25 ग्राम पंचायतों में 167 उम्मीदवार
- फागी : 26 ग्राम पंचायतों में 154 उम्मीदवार
- सांगानेर : 23 ग्राम पंचायतों में 150 उम्मीदवार
इन सभी पंचायतों में सरपंच पद के लिए प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। मतदान के बाद मतगणना से गांवों की नई सरकार की तस्वीर आज रात तक साफ हो जाएगी।
442 मतदान केंद्रों पर 3.74 लाख से ज्यादा वोटर
सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान कराने के उद्देश्य से जिले में कुल 442 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इन मतदान केंद्रों पर 3 नवंबर को पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य पदों के लिए भी वोटिंग हो चुकी है।
इस चरण में कुल 3 लाख, 74 हजार, 816 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इनमें 1 लाख, 93 हजार, 206 पुरुष, 1 लाख, 81 हजार, 609 महिला और एक थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतपेटियों में बंद उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला मतगणना के दौरान होगा। देर रात तक परिणाम आने के साथ ही जयपुर की 133 ग्राम पंचायतों में नए सरपंचों के नाम भी सामने आ जाएंगे।
