Vande Bharat Train Accident: राजस्थान में वंदे भारत को पटरी से उतारने की एक साजिश का पर्दाफाश हुआ है। इस संबंध में अब अज्ञात के खिलाफ केस भी दर्ज हो गया है। घटना 23 अगस्त की है, जब पाली में वंदे भारत एक सीमेंट के ब्लॉक से टकरा गई थी। सीमेंट का यह ब्लॉक पटरी पर रखा हुआ था।
सीमेंट के ब्लॉक से टकराई थी वंदे भारत
मिली जानकारी के अनुसार पाली में जिस वक्त ट्रैक से वंदे भारत ट्रेन गुजरने वाली थी, ठीक उससे पहले सीमेंट का ब्लॉक रखा गया था। इसी ट्रैक से रात करीब साढ़े 8 बजे अहमदाबाद से जोधपुर वंदे भारत ट्रेन गुजरने वाली थी। जिसके बाद ट्रैक पर सीमेंट के ब्लॉक से वंदे भारत ट्रेन टकरा गई थी, हालांकि तब बड़ा हादसा होने से बच गया था। वंदे भारत ट्रेन को सीमेंट ब्लॉक से नुकसान पहुंचा था। घटना के दौरान ट्रेन में करीब 375 यात्री बैठे थे, जिनकी जान खतरे में पड़ गई थी। हादसे के बाद ट्रेन थोड़ी देर के लिए घटनास्थल पर रुकी थी फिर वंदे भारत ट्रेन के ड्राइवर और गार्ड ने इंजन और ट्रेन को चेक करने के बाद ट्रेन को रवाना कर दिया था।
अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
इस घटना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे अधिकारी ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है़। सुमेरपुर थाने के SHO भारतसिंह रावत ने बताया है कि सीनियर सेक्शन इंजीनिय ने 24 अगस्त को रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि 23 अगस्त को जवाई बांध रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर ने सूचना दी कि जवाई बांध-बिरोलिया के बीच (OHI मोस्ट 513/10-8) पर अज्ञात व्यक्ति ने सीमेंट का ब्लॉक रख दिया। इस दौरान वहां से गुजर रही वंदे भारत ट्रेन (12462) के इंजन का रेल गार्ड टकरा गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे तो वहां एक सीमेंट का ब्लॉक पड़ा मिला। रिपोर्ट में बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन को बेपटरी करने की नीयत से डाउन लाइन पर कंक्रीट का ब्लॉक रखा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रेलवे ने क्या कहा
वहीं रेलवे सीपीआरओ ने कहा है कि सीमेंट ब्लॉक से टकराने के कारण ट्रेन के इंजन के रेल गार्ड को नुकसान पहुंचा था। ट्रेन में करीब 7 मिनट लेट हुई थी। किसी ने जानबूझकर हादसा करने की नीयत से ट्रैक पर सीमेंट का ब्लॉक रखा था।
