एजुकेशन

RPSC: सहायक आचार्य प्रतियोगी परीक्षा का रिजल्ट जारी, इंटरव्यू के लिए सफल हुए 180 उम्मीदवार

राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने सहायक आचार्य (कॉलेज शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2025 के तहत केमिस्ट्री विषय में इंटरव्यू के लिए सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी है।

Image

सहायक आचार्य (कॉलेज शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2025

RPSC: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने सहायक आचार्य (कॉलेज शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2025 के तहत केमिस्ट्री विषय में इंटरव्यू के लिए सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी है। आयोग की ओर से जारी विस्तृत सूचना के अनुसार, लिखित परीक्षा में न्यूनतम निर्धारित अंक हासिल करने वाले 180 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए अस्थाई रूप से सफल घोषित किया गया है। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर पूरी जानकारी देख सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि साक्षात्कार की तारीख के संबंध में अभ्यर्थियों को अलग से समय पर सूचना दी जाएगी।

27 जुलाई तक जमा करना होगा विस्तृत आवेदन

इंटरव्यू के लिए अस्थाई रूप से सफल अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट से विस्तृत आवेदन पत्र डाउनलोड करना होगा। इसे पूरी तरह भरकर दो प्रतियों में सभी शैक्षणिक, प्रशैक्षणिक, जाति और अन्य जरूरी प्रमाण-पत्रों की फोटो कॉपी के साथ 27 जुलाई 2026 तक आयोग कार्यालय में भेजना अनिवार्य है।

आयोग के मुख्य परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा के तहत प्रश्न पत्र प्रथम और द्वितीय की परीक्षा 12 दिसंबर 2025 को आयोजित की गई थी। वहीं प्रश्न पत्र तृतीय की परीक्षा 7 दिसंबर 2025 को कराई गई थी। तीनों प्रश्न पत्रों की लिखित परीक्षा में शामिल होकर संबंधित सेवा नियमों के अनुसार न्यूनतम उत्तीर्णांक हासिल करने वाले अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए अस्थाई रूप से सफल घोषित किया गया है।

OMR में विकल्प नहीं भरने पर 8 अभ्यर्थी अयोग्य

आयोग ने परीक्षा में OMR उत्तर पत्रक से जुड़े नियमों का पालन नहीं करने वाले 8 अभ्यर्थियों को अयोग्य घोषित किया है। इन अभ्यर्थियों ने 5 विकल्पों में से 10 प्रतिशत से अधिक प्रश्नों में कोई भी विकल्प नहीं भरा था। आयोग ने इन अभ्यर्थियों के रोल नंबर अलग से अपनी वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं। आयोग अभ्यर्थियों की पात्रता की जांच भर्ती विज्ञापन और सेवा नियमों के अनुसार करेगा। जांच में पात्र पाए जाने वाले उम्मीदवारों को ही साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article