जयपुर

Valentine Week 2023: जयपुर का 9 रानियों का महल है खास, वेलेंटाइन वीक में अपने पार्टनर के साथ यहां जाएं, जानें इसके पीछे की लव स्टोरी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 6, 2023, 09:15 PM IST

Valentine Week 2023: अरावली की सुरमयी पहाड़ियों के बीच मौजूद नाहरगढ़ किला जयपुर शहर के गौरवशाली अतीत का प्रतीक है। वेलेंटाइन वीक में आपके पार्टनर के साथ यहां का भ्रमण आपके सेलिब्रेशन में चार चांद लगा देगा। आप अपनी ट्रिप में एक राजा के प्यार की कहानी का इतिहास जरूर जानें। जयपुर के तत्कालीन राजा सवाई माधोसिंह ने अपनी 9 प्रेमिकाओं के लिए उनके नाम से इस किले में एक और दो मंजिला 9 महलों का निर्माण करवाया था।

Image

वेलेंटाइन वीक में अपने पार्टनर संग जयपुर के नाहरगढ़ फोर्ट की विजिट जरूर करें

KEY HIGHLIGHTS
  • सवाई माधोसिंह ने अपनी 9 प्रेमिकाओं के लिए 9 महलों का निर्माण करवाया था
  • नाहरगढ़ फोर्ट से आप गुलाबी नगरी के अनुपम सौंदर्य को आसानी से निहार सकते हैं
  • यहां मौजूद कैफे व रेस्टोरेंट में आप अपने पार्टनर संग लजीज व्यंजनों का मजा ले सकते हैं


Valentine Week 2023: इस बार अगर आप वेलेंटाइन वीक में किसी खास जगह जाने की सोच रहे हैं, तो जयपुर में एक बेहतरीन जगह है, जिससे आपके अनुराग के इस मौके की खुशियां दोगुनी हो जाएगी। फरवरी की हल्की ठंड में इस जगह का मौसम सबसे अच्छा होता है। तो चलिए आपको बताते हैं इस उम्दा पर्यटन स्थल के बारे में।

अरावली की सुरमयी पहाड़ियों के बीच मौजूद है नाहरगढ़ किला जो कि, जयपुर शहर के गौरवशाली अतीत का प्रतीक है। वहीं लव सिंबल के तौर पर मनाए जाने वाले वेलेंटाइन वीक में आपके पार्टनर के साथ यहां का भ्रमण आपके रिश्ते में मजबूती तो लाएगा ही, इसके अलावा आपके सेलिब्रेशन में भी चार चांद लगा देगा। जयपुर शहर बसाने के करीब 7 सालों के बाद महाराजा सवाई जय सिंह द्वितीय ने 1734 में नाहरगढ़ किला बनवाया था। 17वीं शताब्दी के समय इस फोर्ट के निर्माण पर करीब 3.30 लाख रुपए खर्च हुए थे।

जरूर निहारें 9 रानियों के 9 महल

यहां आने के बाद आप अपनी ट्रिप में यादगार पलों को संजोने के लिए एक राजा के प्यार की कहानी का इतिहास जरूर जानें। शाहजहां ने तो एक महल बनवाया था, मगर जयपुर के तत्कालीन राजा सवाई माधोसिंह ने अपनी 9 प्रेमिकाओं के लिए उनके नाम से इस किले में एक और दो मंजिला 9 महलों का निर्माण करवाया था। इनकी खास बात ये है कि, ये सभी महल एक जैसे बनवाए गए। उस समय इन्हें “विक्टोरियन शैली” में बनवाया गया था। माधोसिंह ने इनके नाम भी अपनी नौ प्रेयसियों के नाम पर रखे जिसमें सूरज प्रकाश, खुशहाल प्रकाश, जवाहर प्रकाश, ललित प्रकाश, आनंद प्रकाश, लक्ष्मी प्रकाश, चांद प्रकाश, फूल प्रकाश व बसंत प्रकाश। इन महलों की सबसे बड़ी खासियत ये है कि, रानियों के सभी महल छत पर मौजूद एक गलियारे से जुड़े हैं। जो कि राजा के कक्ष में दोनों ओर से रानियों के महल से जुड़ा है। यहां से होकर राजा किसी भी रानी के महल में जा सकते थे।

नाहरगढ़ से निहारें जयपुर का अनुपम सौंदर्य

जयपुर से करीब 9 किमी की दूरी पर स्थित नाहरगढ़ फोर्ट से आप गुलाबी नगरी का अनुपम सौंदर्य सहजता से निहार सकते हैं। इसके अलावा यहां मौजूद कई कैफे व रेस्टोरेंट में आप काॅफी सहित कई लजीज स्नैक्स का लुत्फ उठा सकते हैं। वेलेंटाइन डे के मौके पर अपने पार्टनर के साथ टाइम स्पेंड करने के लिए से सबसे उम्दा जगह है। इससे आपके पार्टनर को अच्छा भी लगेगा।

इस तरह आएं यहां

अगर आप जयपुर के नाहरगढ़ फोर्ट को देखने की चाहत रखते हैं तो इसके लिए आपको सबसे पहले जयपुर आना होगा। जयपुर आने के लिए नजदीकी एयरपोर्ट है सांगानेर हवाई अड्डा। इसके अलावा आप रेल या बस से भी यहां आ सकते हैं। इसके बाद ऑटो या टैक्सी के जरिए आप नाहरगढ़ पहुंच सकते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article