Jaipur Crime: जयपुर शहर से एक चोरी का मामला सामने आया है। यहां एक सूने घर में ताला तोड़कर घुसे चोर लाखों का सामान लेकर चंपत हो गए। जब ये घटना हो रही थी तो पूरा परिवार नोएडा गया हुआ था। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों को तलाशने में लगी है।
नोएडा गया था परिवार
घटना जयपुर के पटेल नगर के सोडाला थाना क्षेत्र की है। जहां ओमप्रकाश शर्मा के घर चोरी की घटना सामने आई है। 10 मई को ओमप्रकाश शर्मा और उनका परिवार अपने बेटे के पास नोएडा गए हुए थे, जिसके कारण उनका मकान कुछ दिनों के लिए खाली था। इसी दौरान बदमाशों ने मेन गेट का लॉक तोड़कर घर में घुसपैठ की। चोरों ने अलमारी के लॉकर को तोड़कर लाखों रुपए के सोने-चांदी के गहने, दो 10-10 ग्राम के चांदी के सिक्के, 2.45 लाख रुपए नकद और दो घड़ियां चोरी कर लीं। शुक्रवार रात को जब परिवार नोएडा से वापस लौटा तब जाकर चोरी का पता चला।
चोरों की तलाश जारी
सूचना मिलने पर सोडाला थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। ASI भगवान सहाय ने बताया कि पुलिस ने वारदात स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं और चोरों की तलाश जारी है। पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। यह घटना सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय बनी हुई है, क्योंकि परिवार के गैरमौजूदगी में चोरी हुई। पुलिस ने जनता से भी अपील की है कि वे संदिग्ध गतिविधियों की सूचना दें ताकि अपराधियों को जल्द पकड़ा जा सके।
