शहर

'पेपर लीक पर आर-पार' : लखनऊ में शांतिपूर्ण हुंकार, तो दरभंगा पुलिस की लाठी और बवाल; पत्थरबाजी से हालात खराब

पेपर लीक के विरोध में मोहनलालगंज में छात्रों और वकीलों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की, वहीं दरभंगा में प्रदर्शन के दौरान पथराव पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

Image

पेपर लीक के खिलाफ सड़क पर उतरे छात्र-वकील

लखनऊ/दरभंगा: देश भर में चल रहे पेपर लीक के विवाद के बीच छात्रों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मोहनलालगंज और बिहार के दरभंगा में अलग-अलग प्रदर्शन देखने को मिले, जहां छात्रों ने अपने भविष्य के साथ खिलवाड़ के खिलाफ आवाज़ उठाई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छात्रों को खदेड़ा तो

मोहनलालगंज में वकीलों का मिला साथ

मोहनलालगंज तहसील में छात्रों के समर्थन में आयोजित धरना-प्रदर्शन में भारी संख्या में लोग जुटे। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए इसे छात्रों के भविष्य के साथ बड़ा खिलवाड़ करार दिया। इस प्रदर्शन में अधिवक्ता निरंकार यादव, संग्राम सिंह, अनिल यादव, प्रभात सिंह, धीरेन्द्र दीक्षित और विशाल दीक्षित सहित कई गणमान्य अधिवक्ता शामिल हुए। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि छात्रों के भविष्य के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। शांतिपूर्ण ढंग से चले इस प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों ने सरकार को अल्टीमेटम दिया है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

दरभंगा में प्रदर्शन ने पकड़ा हिंसक रूप

वहीं, दूसरी ओर बिहार के दरभंगा में छात्रों का विरोध मार्च हिंसक हो गया। शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बाद जब भीड़ तितर-बितर हो रही थी, तभी कुछ प्रदर्शनकारी लोहिया चौक के पास उग्र हो गए और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति को बेकाबू होते देख पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोहिया चौक रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी मनोज तिवारी, जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है और पांच उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया है। प्रशासन ने आयोजकों को भी आड़े हाथों लिया है। डीएम ने स्पष्ट किया कि प्रदर्शन की अनुमति के बावजूद आयोजक भीड़ को नियंत्रित रखने में विफल रहे, इसलिए उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article