शहर

दर्द का एहसास भी नहीं हुआ, चूहों ने कुतर डाला बुजुर्ग महिला का पैर; तमिलनाडु के सरकारी अस्पताल की लापरवाही उजागर

Rat Bite Incident: तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल सरकारी अस्पताल में एक बेहद हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। अस्पताल के पोस्ट-ऑपरेटिव वार्ड में भर्ती 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला आर. तमिलकोडी के पैर के अंगूठे को चूहों ने कुतर दिया।

Image

त्रिची अस्पताल में चूहों का आतंक (फोटो: एआई इमेज)

Rat Bite Incident: तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल सरकारी अस्पताल (tiruchirappalli govt hospital) से स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलती हुई एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। गुरुवार को अस्पताल के पोस्ट-ऑपरेटिव वार्ड में इलाज करा रही एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के बाएं पैर के अंगूठे का एक हिस्सा चूहों ने कुतर डाला। इस घटना के सामने आने के बाद राज्य के सरकारी अस्पतालों में साफ-सफाई और रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

पीड़ित महिला की पहचान कलकंदरकोट्टई के पास अलथूर की रहने वाली आर. तमिलकोडी के रूप में हुई है। 20 जुलाई को एक हादसे में उनके बाएं टखने में चोट आई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनकी सर्जरी हुई थी। गुरुवार की सुबह जब उनका बेटा विजयकुमार वार्ड में चाय देने पहुंचा, तो उसने देखा कि उसकी मां के पैर के अंगूठे को चूहों ने बुरी तरह कुतर दिया है।

विजयकुमार के मुताबिक, उनकी मां डायबिटीज (मधुमेह) से पीड़ित हैं, इसलिए संवेदना कम होने के कारण उन्हें रात में चूहे के काटने का अहसास नहीं हो सका। बेटे ने यह भी दावा किया कि उसने वार्ड में घूमते चूहों की शिकायत पहले भी कर्मचारियों से की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

अस्पताल प्रशासन का पक्ष

घटना की जानकारी मिलते ही डॉक्टरों की टीम ने तुरंत महिला के घाव की सफाई की और संक्रमण से बचाने के लिए टिटनेस व अन्य जरूरी टीके लगाए। अस्पताल प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि महिला के सभी वाइटल्स पूरी तरह स्थिर हैं और उन्हें कोई गंभीर साइड इफेक्ट नहीं हुआ है। घटना के बाद अस्पताल में चूहों को पकड़ने और पेस्ट कंट्रोल के कड़े उपाय शुरू कर दिए गए हैं।

AIADMK ने सरकार पर साधा निशाना

इस घटना को लेकर राज्य में सियासी बवाल भी शुरू हो गया है। AIADMK के महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब सरकारी अस्पतालों में मरीज बदहाली झेल रहे हैं, तब राज्य सरकार के मंत्री मुख्यमंत्री की नई फिल्म के जश्न और तस्वीरें खिंचवाने में व्यस्त हैं। उन्होंने अस्पतालों की बदहाली के लिए राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article