जयपुर

'दस बार तुम्हारे घर गया, सरकारी काम है कर दो' जब SIR फॉर्म भरवाने खेत में पहुंच गए BLO; फिर किसान ने जो किया...

राजस्थान के टोंक जिले में SIR फॉर्म भरवाने के दौरान एक BLO को किसानों से सहयोग लेने में भारी मुश्किल हुई। डारडा तुर्की स्कूल के शिक्षक रतन लाल जाट 900 वोटर्स में से 800 लोगों के फॉर्म भरवा चुके थे, लेकिन खेतों में काम कर रहे कुछ युवाओं ने फॉर्म भरने से साफ मना कर दिया।

Image

टोंक में बीएलओ और किसान के बीच हुई नोंकझोक।(फोटो सोर्स: टाइम्स नाउ डिजिटल)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

राजस्थान के टोंक जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान एक अनोखा मामला सामने आया है। डारडा तुर्की सरकारी स्कूल के टीचर और BLO रतन लाल जाट को फॉर्म भरवाने के लिए ऐसी मशक्कत करनी पड़ी, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में है। ककराज खुर्द और खेडूल्ला गांव के करीब 900 वोटर्स में से 800 लोगों से फॉर्म भरवाने के बाद उनका एक वीडियो सामने आया जिसमें वे खुद खेत में गेंती चलाते दिख रहे हैं।

हमें हमारे काम से मतलब: किसान

घटना तब हुई जब BLO रतन लाल ककराज खुर्द के भाग संख्या 71 में खेतों में काम कर रहे युवाओं के पास पहुंचे। उन्होंने SIR फॉर्म भरने को कहा, लेकिन एक किसान ने साफ जवाब दिया, “हमें अपने काम से मतलब है, दूसरे काम से हमारी रोजी-रोटी नहीं चलेगी।”

किसानों की अनदेखी के बाद स्थिति ऐसी बनी कि रतन लाल ने खुद गेंती उठा ली और सड़क की खुदाई में हाथ बंटाने लगे। उन्होंने किसानों से कहा, “मैं तुम्हारा काम कर देता हूं, लेकिन तुम हमारा काम कर दो। यह सरकारी काम है, हर हाल में पूरा करना है।”

किसान और BLO के बीच तीखी नोकझोंक

वीडियो में BLO किसान से कहते दिखाई देते हैं, “मैं दस बार तेरे घर गया, लेकिन तुम नहीं मिले। ज्यादा दिमाग मत लगाओ, मेरा काम करो।” किसानों ने भी तंज कसते हुए कहा “हमारी रोजी ऐसे कामों से नहीं चलती। कागज उठाकर आ गए, हटो यहां से। लेकिन तनाव के बीच BLO ने खेत में खुदाई करने लगे।

रतन लाल जाट का कहना है कि SIR का काम चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन असंभव नहीं। थोड़ा समय देना पड़ता है, घर-घर जाना पड़ता है। यह इतना कठिन काम नहीं कि आत्महत्या जैसे कदम उठाए जाएं। मानसिक रूप से तय कर लें तो काम पूरा हो जाता है। उन्होंने कहा कि अभी तक 900 में से 800 फॉर्म भरवा लिए हैं।

35 वर्षीय रतन लाल जाट पिछले दस साल से सरकारी सेवा में हैं। 2016 से वे डारडा तुर्की स्कूल में पीटी टीचर के पद पर कार्यरत हैं। 2005 से 2011 के बीच वे एथलेटिक्स में कई मेडल जीत चुके हैं और ऑल इंडिया लेवल तक क्वालीफाई कर चुके हैं। BA, B.Ped और M.Ped करने के बाद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से सरकारी नौकरी हासिल की।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article