जयपुर

गोलियों की गूंज से दहला चित्तौड़गढ़! 7 गाड़ियों में आए हमलावर, रिटार्यड ASI के बेटे को उतारा मौत के घाट

चित्तौड़गढ़ में एक रिटार्यड एएसआई के बेटे की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। 33 वर्षीय अजयराज सिंह झाला अपने तीन दोस्तों के साथ होटल में खाना खा रहा था। इसी दौरान 25 हमलावर 7 गाड़ियों पर सवार होकर आए और होटल को घेर लिया। उन्होंने की गोलियां चलाई और अजयराज सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है, आरोपियों को पकड़ने के लिए कई पुलिस टीमों का भी गठन किया गया है।

Image

सांकेतिक फोटो

Chittorgarh Crime News: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में एक सेवानिवृत्त सहायक उपनिरीक्षक (ASI) के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को बताया कि एक होटल में कुछ हथियारबंद लोगों ने 33 वर्षीय युवक पर गोलियां चलाईं। जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना से लोगों में आक्रोश फैल गया और सोमवार की सुबह बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल के शवगृह के बाहर एकत्र हुए। उन्होंने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए धरना भी दिया। परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव लेने से इनकार कर दिया है। वहीं पुलिस ने आशंका जताई है कि इस हत्या का कारण बजरी खनन को लेकर पुराना विवाद हो सकता है।

हमलावरों ने होटल को घेरकर की फायरिंग

यह घटना रविवार रात कोतवाली थाना क्षेत्र के सेमलपुरा चौराहे के पास एक होटल पर हुई। पुलिस के मुताबिक, निम्बाहेड़ा का रहने वाला पीड़ित अजयराज सिंह झाला अपने तीन दोस्तों के साथ होटल में खाना खा रहा था। इस दौरान करीब 25 हमलावर सात वाहनों में सवार होकर आए और होटल को घेर लिया। उनमें से कुछ ने अपने चेहरे तौलिए या साफे से ढक रखे थे। हमलावरों ने कई गोलियां चलाईं। जिसमें अजयराज को गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा।

आरोपियों की तलाश के लिए कई पुलिस टीमों का गठन

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह ने कहा, ‘‘दोनों पक्षों के बीच विवाद की जांच की जा रही है।’’ उन्होंने कहा कि गोलीबारी की घटना में शामिल आरोपियों की तलाश के लिए कई पुलिस टीम गठित की गई हैं। पुलिस ने बताया कि हमलावरों में से दो की पहचान कुख्यात अपराधी भैरूलाल गुर्जर और डिग्गी राज सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि हमलावरों ने कथित तौर पर अजयराज को घसीटा और होटल की पहली मंजिल से फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने परिसर से बाहर निकलते समय दो वाहनों में आग लगा दी। अजयराज के दोस्त उसे पास के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article