पटना

पश्चिम चंपारण में सनसनीखेज मामला; पेड़ से लटके मिले किशोर-किशोरी के शव, गांव में दहशत

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के सिसवनिया पंचायत में एक किशोर और किशोरी के शव पेड़ से लटके मिले, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई।

Image

बिहार में किशोर-किशोरी के शव पेड़ से लटके मिले

Photo : Times Now Digital

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थानाक्षेत्र की सिसवनिया पंचायत में रविवार को एक किशोर और किशोरी के शव एक पेड़ से लटके हुए पाए गए। यह घटना बारवा के समीप एक बगीचे में हुई, जहां दोनों के पैर जमीन से सटे हुए थे। ग्रामीणों ने इसे हत्या का मामला मानते हुए आशंका जताई कि दोनों की हत्या कर शवों को लटकाया गया ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके।

घटना की जानकारी मिलते ही नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह, इंस्पेक्टर रमन कुमार और थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। रविवार दोपहर कुछ बच्चे टिकोला बीनने के लिए बगीचे पहुंचे, जहां उन्होंने दोनों शवों को लटकते देखा। पुलिस ने मोतिहारी से एफएसएल टीम को बुलाकर शवों को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पॉकेट से मिली सिंदूर की पुड़िया

पुलिस की जांच के दौरान किशोर की पॉकेट से सिंदूर की पुड़िया मिली, वहीं किशोरी की मांग में भी सिंदूर पाया गया। किशोर की मां ने बताया कि उसका बेटा शनिवार रात खाने के बाद टहलने निकला था और फिर घर नहीं लौटा। उसके पिता रोजगार के सिलसिले में बाहर हैं और उन्हें घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस मामले की हर संभावित कोण से जांच कर रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article