Rajasthan Ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 9-July-2025: राजस्थान में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने लगा है। मौसम विभाग ने आज, 9 जुलाई से पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई है। जयपुर, कोटा, भरतपुर और उदयपुर संभाग में इसकी सक्रियता दिखाई देगी। वहीं गुरुवार से पूरे राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश की दिख रही संभावना
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज यानी 9 जुलाई से 12 जुलाई के बीच पूर्वी राजस्थान के चार संभागों, कोटा, उदयपुर, जयपुर और भरतपुर में मध्यम से तेज बारिश का पूर्वानुमान है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम विभाग ने यह भी बताया कि दक्षिण-पूर्व राजस्थान के कुछ हिस्सों में अति भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। इस बदलाव की वजह पश्चिम बंगाल के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र है, जो आगामी 2–3 दिनों में धीरे-धीरे पश्चिम व उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा। मानसून ट्रफ लाइन अभी पंजाब-हरियाणा होते हुए राजस्थान तक फैली हुई है, जिससे प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां फिर से तेज हो गई हैं।
पश्चिमी राजस्थान में भी बारिश के संकेत
जहां जोधपुर संभाग में मौसम अगले 3–4 दिन शुष्क रहने की संभावना है, वहीं बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। मंगलवार को बीकानेर के अलावा भीलवाड़ा, दौसा, धौलपुर, हनुमानगढ़, करौली, सवाई माधोपुर और श्रीगंगानगर में बारिश दर्ज की गई। जयपुर सहित प्रदेश के कई इलाकों में मंगलवार को रुक-रुक कर बारिश हुई। हालांकि बारिश के बाद भी जयपुर में उमस से पूरी राहत नहीं मिली।
कुछ इलाकों में राहत
पिछले कई दिनों से झुलसाने वाली धूप और उमस से परेशान लोगों को अब कुछ राहत मिलने लगी है। सूरतगढ़ तापीय परियोजना और आसपास के टिब्बा क्षेत्रों में शनिवार से लगातार बारिश हो रही है। इससे तापमान में गिरावट देखी जा रही है और किसानों को भी राहत की उम्मीद है।
