जयपुर

राजस्थान: ये हैं कलयुगी मां - बाप, 3 माह की बेटी को नहर में फेंक दिया, वजह जान पुलिस रह गई हैरान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 24, 2023, 02:28 PM IST

Rajasthan: कलयुगी मां- बाप ने 3 माह की मासूम को इसलिए नहर में फेंक दिया, ताकि उसकी नौकरी सलामत रहे। घटना बीकानेर जिले के छतरगढ़ कस्बे की है। आरोपियों से मामले की वजह जानने के बाद खुद पुलिस दंग रह गई। पुलिस ने दोनों को अरेस्ट कर उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 302 में हत्या का मामला दर्ज किया है।

Image

राजस्थान में नौकरी बचाने के चक्कर में कलयुगी माता-पिता ने 3 माह की मासूम को नहर में फेंक दिया (सांकेतिक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • बीकानेर में कलयुगी मां- बाप ने 3 माह की मासूम को नहर में फेंक दिया
  • बेटी की हत्या की वजह थी नौकरी
  • पुलिस ने आरोपी दंपत्ति को अरेस्ट कर उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है

Rajasthan: राष्ट्रीय बालिका दिवस यानी कि, 24 जनवरी से महज एक दिन पहले राजस्थान में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जहां कलयुगी मां- बाप ने 3 माह की मासूम को इसलिए नहर में फेंक दिया, ताकि उसकी नौकरी सलामत रहे। घटना बीकानेर जिले के छतरगढ़ कस्बे की है। आरोपियों से मामले की वजह जानने के बाद पुलिस खुद पुलिस दंग रह गई।

खाजूवाला डीएसपी विनोद कुमार के मुताबिक, आरोपी पिता ग्राम पंचायत चांडासर में विद्यालय सहायक के पद पर संविदा पर कार्यरत है। नौकरी लगते समय उसने खुद के दो बच्चे होने का शपथ पत्र दिया था। इस बीच उसके चार संतानें हो गई। जिसमें एक बेटी को उसने अपने भाई को गोद दिया हुआ है। उसे शक था कि, हाल ही में पैदा हुई चौथी संतान का जांच में खुलासा हुआ तो उसकी नौकरी खतरे में पड़ सकती है। यही वजह थी कि, आरोपी ने अपनी पत्नी से मिल 3 माह की बेटी को इंदिरा गांधी नहर में जिंदा फेंक दिया।

बच्ची को फेंका नहर में

खाजूवाला सीओ के मुताबिक, रविवार शाम गांव दियातरा का रहने वाला झंवरलाल अपनी पत्नी के साथ ससुराल आया था। वापस लौटने के दौरान उसने अपनी तीन माह की बेटी अंशिका को छतरगढ़-बीकानेर भारतमाला रोड स्थित पुलिया पर से इंदिरा गांधी नहर में फेंक दिया। इसके बाद आरोपी दंपत्ति मौके से रवाना हो गए। हालांकि मौके पर मौजूद लोग अरोपियों के पीछे भी दौड़े मगर तब तक वे नजरों से ओझल हो चुके थे। आसपास के लोगों ने नहर में छलांग लगाई व मासूम को बाहर निकाला। इसके बाद उसके पेट से पानी निकालने की कोशिश भी की, मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

ऐसे आए पकड़ में

सीओ के मुताबिक प्रत्यक्षदर्शियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी व बताया कि, बाइक पर आए एक महिला व एक पुरुष ने मासूम को नहर में फेंक दिया। इसके बाद पुलिस द्वारा जिले में नाकाबंदी करवाई गई। बाद में पुलिस ने तकनीकी आधार पर जांच कर संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों की पहचान की। इसके बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो पुलिस के सामने दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को अरेस्ट कर उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 302 में हत्या का मामला दर्ज किया है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article