शहर

दिल्ली में रामलीला स्थलों पर सुरक्षा कड़ी, महिला सुरक्षा और साइबर ठगी के प्रति जागरूक करेगी पुलिस

दिल्ली के पश्चिमी जिले में 41 स्थानों पर आयोजित रामलीला कार्यक्रमों के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। रामलीला मैदानों में सीसीटीवी निगरानी, पुलिसकर्मियों की तैनाती और जागरूकता केंद्र लगाए गए हैं।

Image

दिल्ली में 41 रामलीला स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाई गई, पुलिसकर्मी तैनात (File Photo)

Photo : PTI

Delhi News: दिल्ली में रामलीला आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पश्चिमी जिला पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। जिले में 41 स्थानों पर रामलीला आयोजित की जा रही है। इन कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ पुलिस लोगों को जागरूक करने के लिए भी विशेष अभियान चला रही है।

41 स्थानों पर सुरक्षा और पुलिस बल की तैनाती

न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त (DCP) अभिषेक गुप्ता ने बताया कि जिले में कुल 41 स्थानों पर रामलीला का आयोजन किया जा रहा है, जहां पुलिस कर्मियों को विशेष रूप से तैनात किया गया है, ताकि उत्सव के दौरान व्यवस्था बनी रहे। पुलिस लोगों को महिलाओं के खिलाफ अपराध, साइबर ठगी और युवाओं में बढ़ती नशे की लत जैसे मुद्दों के प्रति जागरूक भी कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

पूरा परिसर सीसीटीवी की निगरानी में

तिलक नगर की एसीपी गरिमा तिवारी ने बताया कि रामलीला स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रवेश व निकास द्वारों से लेकर मंच तक पूरे परिसर को सीसीटीवी कैमरों के जरिए कड़ी निगरानी में रखा गया है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके। महिला और पुरुष पुलिसकर्मी तब तक ड्यूटी पर तैनात रहते हैं जब तक सभी दर्शक सुरक्षित अपने घर नहीं लौट जाते।

कार्यक्रम शुरू होने से दो घंटे पहले पहुंचती है पुलिस

राजौरी गार्डन के एसीपी शरद चंद्र निर्मल ने बताया कि प्रमुख रामलीला स्थलों पर जागरूकता केंद्र स्थापित किए गए हैं। पुलिसकर्मी कार्यक्रम शुरू होने से करीब दो घंटे पहले पहुंचकर लोगों को सुरक्षा से जुड़े मुद्दों के बारे में जानकारी देते हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत युवाओं को नशे से दूर रहने और नशे से जुड़े मामलों में पश्चिमी जिला पुलिस की कार्रवाई के बारे में जागरूक किया जाता है। इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के तरीकों की जानकारी भी दी जाती है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article