जयपुर

Jaipur: जौहरी के घर नौकरानी ने किया हाथ साफ, बंधक बनाकर लूटे लाखों के गहने और नकद

जयपुर में एक जौहरी के घर नौकरानी ने अपनी बुजुर्ग मालकिन और दो अन्य नौकरों को बंधक अपना कर 7 लाख रुपये और लाखों की ज्वेलरी लूट लिए। नौकरानी को कुछ दिन पहले ही घर पर काम करने के लिए रखा गया था। सोमवार को आरोपी महिला ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और घर में मौजूद तीन लोगों को बंधक बनाकर लूट की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी टैक्सी पकड़कर फरार होते हुए भी दिखे हैं।

Image

CCTV फुटेज में फरार होते दिखे आरोपी

Jaipur Crime News: राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां जौहरी की घरेलू नौकरानी ने बंधक बनाकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। नौकरानी ने अपने साथियों के साथ मिलकर करीब सात लाख रूपए की नकदी और लाखों की ज्वेलरी लूट ली। जिसके बाद टैक्सी के जरिए आरोपी फरार हो गए। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

कुछ दिन पहले ही काम पर रखी गई थी नौकरानी

यह घटना जेएलएन मार्ग स्थित देवी नगर के एबी 61 की है। जहां पीएम कोठारी निवास में रहने वाले बुजुर्ग महिला मंजू कोठारी ने कुछ दिन पहले ही एक सावित्री नाम की एक नेपाली महिला को घरेलू कामकाज के लिए रखा था। घर में बुजुर्ग महिला के साथ घरेलू कामकाज करने वाले नौकर दंपत्ती भी मौजूद थे। नेपाली नौकरानी ने सोमवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे अपने अन्य साथियों को घर पर बुलाया। जिसके बाद घर में मौजूद तीनों लोगों के साथ मारपीट की और उनके हाथ पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया।

3 घंटे तक आरोपियों ने घर को खंगाला

नौकरानी और उसके साथियों ने करीब 3 घंटे तक घर में रखी आलमारियों को खंगाला। जिसके बाद घर में रखा करीब सात लाख कैश और लाखों रुपयें की ज्वेलवरी पर अपना हाथ साफ कर मौके से फरार हो गए। जब सुबह रोजाना की तरह ड्राइवर घर पर पहुंचा तो इस घटना के बारे में पता चला। जिसके बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। सूचना पाकर टीम के साथ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की गई।

साक्ष्य जुटाने के लिए FSL टीम को बुलाया गया

पुलिस टीमों द्वारा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाली गई। जिसमें आरोपी टैक्सी के जरिए जाते हुए नजर आए हैं। पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया और साक्ष्य जुटाए। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित इलाकों में भेजी गई हैं। फिलहाल पुलिस ने इस मामले पर कोई बयान नहीं दिया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article