जयपुर

राज्य सरकार की पहल, विदेश जाएंगे राजस्थान के किसान, सीखेंगे हाईटेक खेती

राजस्थान सरकार ने प्रदेश के 100 किसानों को विदेश यात्रा का अवसर प्रदान किया है। ये किसान नीदरलैंड, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और ब्राजील की यात्रा करके कृषि की नवीनतम तकनीकों को सीखेंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नॉलेज इनहांसमेंट प्रोग्राम के तहत इन किसानों के विदेश भ्रमण और प्रशिक्षण को मंजूरी दी है।

Image

हाईटेक खेती सीखने विदेश जाएंगे किसान (सांकेतिक तस्वीर)

Rajasthan News: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नॉलेज इनहांसमेंट प्रोग्राम के तहत प्रदेश के 100 किसानों को नीदरलैंड, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और ब्राजील की यात्रा पर भेजने की मंजूरी दी है। इन किसानों को सात दिवसीय विदेश भ्रमण के दौरान उन्नत कृषि तकनीकों और नवाचारों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह यात्रा नवंबर 2025 से मार्च 2026 के बीच विभिन्न बैचों में आयोजित की जाएगी।

किसान सीखेंगे हाईटेक खेती के गुर

इस कार्यक्रम के माध्यम से किसान न केवल नवीनतम कृषि तकनीकों का अध्ययन करेंगे, बल्कि विदेशों में सफल कृषि सहकारी समितियों के संचालन के मॉडल को भी समझेंगे। इन समितियों की संरचना फार्मर्स प्रोड्यूस ऑर्गनाइजेशन (एफपीओ) की तरह है। इस पहल से किसानों को अपने उत्पादन में वृद्धि करने और कम लागत में उच्च गुणवत्ता वाली फसल उगाने में मदद मिलेगी।

कौन कर सकेंगे आवेदन

राजस्थान सरकार ने 2024-25 के बजट में नॉलेज इनहांसमेंट प्रोग्राम शुरू करने की घोषणा की थी। इसके तहत पहली बार 100 प्रगतिशील युवा किसानों को विदेश भेजा जा रहा है। इनमें से 80 किसान कृषि क्षेत्र से और 20 डेयरी एवं पशुपालन क्षेत्र से होंगे। किसानों के लिए आवेदन मांगे गए थे और चयन के लिए कुछ खास मापदंड तय किए गए हैं। सामान्य किसानों के पास कम से कम एक हेक्टेयर कृषि भूमि होनी चाहिए, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिला किसानों के लिए यह सीमा 0.5 हेक्टेयर रखी गई है। इसके अलावा, किसान को पिछले दस वर्षों से निरंतर खेती करना अनिवार्य है और उसे आधुनिक कृषि तकनीकों जैसे संरक्षित खेती, सूक्ष्म सिंचाई, मल्चिंग, सौर ऊर्जा पंप, ड्रोन, फर्टिगेशन, ऑटोमेशन आदि को अपनाना होगा।

किसानों का बढ़ेगा मुनाफा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस पहल को किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में अहम कदम बताया। उनका कहना है कि यह कार्यक्रम प्रदेश के किसानों को वैश्विक स्तर पर हो रही कृषि प्रगति से जोड़ने का अवसर देगा और उन्हें उनकी फसलों के उत्पादन में सुधार करने में मदद करेगा। इस यात्रा के दौरान किसानों को कम जगह और कम लागत में अधिक उत्पादन के लिए उन्नत तकनीकों के बारे में जानकारी मिलेगी। साथ ही, वे उन देशों में इस्तेमाल हो रही सफल कृषि सहकारी समितियों के मॉडल को समझकर अपने एफपीओ को बेहतर बनाने के उपाय भी सीखेंगे। इससे किसानों का मुनाफा भी बढ़ेगा

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article