बिजनेस

Ramlila Maidan Rally Charges: रामलीला मैदान में रैली करने पर कितना देना पड़ता है किराया और GST, समझें क्या हैं MCD के नियम

Ramlila Maidan INDIA Bloc Rally Charges: 'इंडिया' गठबंधन रविवार 1 नवंबर 2026 को रामलीला मैदान में महारैली कर रहा है। इस मैदान में विरोध प्रदर्शन के लिए किराया देना पड़ता है, आइए जानते हैं कितना जीएसटी लगता है और किस तरह के चार्ज देने पड़ते हैं।

Image

रामलीला मैदान की बुकिंग पर कितना लगता है GST और क्या है MCD की छूट नीति? समझिए राहुल गांधी की रैली का पूरा खर्च

Photo : PTI

Ramlila Maidan INDIA Bloc Rally Charges : चुनाव आयोग और वोटर लिस्ट के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरने के लिए विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' देश की राजधानी दिल्ली में एक बड़ा प्रदर्शन कर रहा है। आज रविवार 1 नवंबर 2026 को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में एक विशाल रैली और 'चलो दिल्ली' मार्च का आयोजन किया जा रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' के माध्यम से लोगों से इस मार्च में शामिल होने की अपील की है। राहुल गांधी के अनुसार, यह मार्च आज रविवार दोपहर 12 बजे कनॉट प्लेस के पास मिंटो रोड जंक्शन से शुरू होकर अजमेरी गेट के रास्ते रामलीला मैदान पहुंचेगा। हालांकि, इस मार्च को लेकर प्रशासनिक स्तर पर खींचतान भी देखने को मिल रही है। रामलीला मैदान में रैली के लिए मैदान का किराया, जीएसटी चुकना पड़ता है। आइए जानते हैं किस तरह के कितने चार्जेज लगते हैं।

रामलीला मैदान की बुकिंग और खर्च का पूरा गणित

दिल्ली के रामलीला मैदान का प्रबंधन दिल्ली नगर निगम (MCD) के पास है। सामान्य दिनों में रामलीला मैदान को किसी बड़े आयोजन के लिए बुक करने पर भारी-भरकम खर्च आता है। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक किसी सामान्य एकदिवसीय कार्यक्रम के लिए रामलीला मैदान की बुकिंग का कुल खर्च 1,21,080 रुपये बैठता है। इस कुल खर्च में 18% का माल एवं सेवा कर (GST) भी शामिल है। सामान्य बुकिंग दर का डिटेल इस प्रकार है:-

  • दैनिक किराया (Daily Rental Charges): 50,000 रुपये
  • सुरक्षा जमा राशि (Security Deposit - रिफंडेबल): 50,000 रुपये
  • ग्राउंड सुरक्षा शुल्क (Ground Security Charges): 5,000 रुपये
  • सफाई शुल्क (Sanitation Charges): 4,000 रुपये
  • लाइसेंस शुल्क (Licence Fee): 2,000 रुपये
  • जीएसटी (18% GST): 10,080 रुपये
  • अगर 50,000 रुपये की सुरक्षा जमा राशि (जो आयोजन के बाद वापस मिल जाती है) को हटा दिया जाए, तो आयोजकों को एक दिन का वास्तविक खर्च 71,080 रुपये पड़ता है।

विरोध प्रदर्शनों के लिए MCD की विशेष राहत और नियम

राजनीतिक और सामाजिक विरोध प्रदर्शनों को लेकर एमसीडी ने एक महत्वपूर्ण स्पष्टीकरण जारी किया है। एमसीडी के अनुसार, यदि रामलीला मैदान में कोई विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाता है, तो आयोजकों को सामान्य दैनिक किराए से छूट दी जा सकती है।

प्रदर्शन के लिए बुकिंग कराने की शर्तें

दिल्ली पुलिस से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्राप्त करना अनिवार्य है। प्रदर्शन के लिए refundable सुरक्षा जमा राशि 50,000 रुपये के बजाय केवल 5,000 रुपये तय की गई है। आयोजकों को संस्था या दल के आधिकारिक लेटरहेड पर आधार कार्ड की जानकारी के साथ ऑफलाइन आवेदन जमा करना होता है।

दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के लिए 3 तय स्थान

दिल्ली पुलिस ने 11 अक्टूबर को एक नया आदेश जारी करके लंबे समय से प्रदर्शनों का केंद्र रहे जंतर-मंतर को मान्यता प्राप्त प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया है। अब दिल्ली में किसी भी बड़े विरोध प्रदर्शन या रैली के लिए तीन स्थान तय किए गए हैं:-

  • रामलीला मैदान (मध्य दिल्ली):- यह मैदान ऐतिहासिक रैलियों और बड़े राजनीतिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र रहा है। इसका प्रबंधन एमसीडी करती है।
  • बुराड़ी ग्राउंड (उत्तर दिल्ली):- यह एक बहुत बड़ा खुला मैदान है, जिसका प्रबंधन दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) द्वारा किया जाता है।
  • सीबीडी ग्राउंड (शाहदरा, पूर्व दिल्ली):- पूर्वी दिल्ली में स्थित यह मैदान भी डीडीए (DDA) के अधीन एक अधिकृत प्रदर्शन स्थल है।

अन्य प्रदर्शन स्थलों का खर्च

बुराड़ी और सीबीडी ग्राउंड की बुकिंग का काम दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) देखता है। हालांकि, इन दोनों स्थानों पर राजनीतिक प्रदर्शनों के लिए विशेष दरें पूरी तरह से तय नहीं की गई हैं, लेकिन सामाजिक कार्यक्रमों के लिए DDA पोर्टल पर अनुमानित खर्च का ब्योरा उपलब्ध है। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक डीडीए पोर्टल पर सीबीडी ग्राउंड में 3,000 वर्ग मीटर के प्लॉट की ऑनलाइन बुकिंग जांचने पर एक दिन का शुरुआती भुगतान करीब 1,07,614 रुपये आता है। इसमें 95,832 रुपये की रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट, 9,982 रुपये का सफाई शुल्क और 1,800 रुपये का जीएसटी (18%) शामिल है। अगर रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट को निकाल दिया जाए, तो यहां का एक दिन का गैर-वापसी योग्य खर्च करीब 11,782 रुपये बैठता है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article