जयपुर

दिल्ली से जयपुर सिर्फ ढाई घंटे में, नया एक्सप्रेसवे लिंक करेगा सफर आसान, मारेंगे फर्राटा

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के कारण दिल्ली और जयपुर की दूरी काफी कम हुई है। खासतौर पर सफर में लगने वाले समय के लिहाज से। लेकिन दौसा में एक्सप्रेसवे से बाहर आने से बाद NH पर लगने वाले जाम से जल्द छुटकारा मिलने वाला है, क्योंकि नया लिंक एक्सप्रेसवे लगभग तैयार है, जो सीधे जयपुर रिंग रोड से कनेक्ट करेगा।

Image

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा लिंक एक्सप्रेसवे

Photo : Twitter

देश की राजधानी दिल्ली को आसपास के बड़े शहरों से जोड़ने की मुहिम लगातार जारी है। दिल्ली और मेरठ के बीच Delhi-Meerut Expressway पहले ही बनकर तैयार हो चुका है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के जरिए दिल्ली को वादियों के साथ जोड़ने के लिए निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के जरिए तमाम शहर दिल्ली के करीब आ गए हैं, जिसमें जयपुर भी शामिल है। जयपुर को और करीब लाने के लिए नए एक्सप्रेसवे लिंक पर काम चल रहा है। यह नया एक्सप्रेसवे लिंक दो महीने में बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बन जाने के बाद दोनों शहरों के बीच सफर में लगने वाला समय सिर्फ ढाई घंटे में सिमट जाएगा।

जी हां, दिल्ली से जयपुर पहुंचने में सिर्फ ढाई घंटे का समय लगेगा। यानी सुबह 6 बजे दिल्ली से निकलकर सुबह साढ़े 8 बजे तक ऑफिस के समय से पहले ही जयपुर पहुंच सकते हैं। जिस नए एक्सप्रेसवे से दोनों शहरों के बीच की दूरी सिर्फ ढाई घंटे में सिमट जाएगी वह इसी साल जून में यानी डेढ़-दो महीने में खुल जाएगा। यह नया लिंक इस रूट पर तेज और आरामदायक सफर की गारंटी देता है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) इस नए 67 किमी लंबे लिंक एक्सप्रेसवे के उद्घाटन की तैयारी में है। यह कंट्रोल्ड एक्सेस हाईवे बांदीकुई में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को जयपुर रिंग रोड से जोड़ेगा।

नया लिंक एक्सप्रेसवे दोनों शहरों के बीच की दूरी को ढाई घंटे में समेट देगा। इससे दोनों शहरों के बीच की दूरी 20 किमी तक कम हो जाएगी। इस नए लिंक एक्सप्रेसवे के बन जाने से दौसा और अन्य ट्रैफिक वाले रास्तों से नहीं गुजरना पड़ेगा। कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए नए एक्सप्रेसवे बनाने का काम किया जा रहा है। इससे मौजूदा सड़कों पर भी ट्रैफिक का दबाव कम होगा।

इस साल के अंत तक नोएडा, गाजियाबाद और पूर्वी दिल्ली के यात्रियों को DND Flyway-KMP एक्सप्रेसवे कनेक्टर पर भी प्रोग्रेस दिखेगी। इस हिस्से के खुल जाने से इन क्षेत्रों के लोगों का दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तक पहुंचना आसान हो जाएगा। चलिए जानते हैं इस रूट से जुड़ी कुछ खास बातें -

यात्रा का समय 2.5 घंटे रह जाएगा

बांदीकुई में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जयपुर रिंग रोड़ को जोड़ने वाले इस नए 67 किमी के एक्सप्रेसवे लिंक से दिल्ली और जयपुर के बीच सफर में लगने वाला समय मात्र ढाई घंटे रह जाएगा। यही नहीं इसके बन जाने से जयपुर की दूरी भी 20 किमी कम हो जाएगी और भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाम में फंसने की नौबत भी नहीं आएगी।

दौसा के पास नहीं लगेगा जाम

फिलहाल जब आप दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करके दौसा में बाहर निकलते हैं तो NH-21 पर लोकल ट्रैफिक और संकरी सड़क की वजह से स्पीड कम हो जाती है। नया कंट्रोल्ड एक्सेस हाईवे आपको इस बॉटलनेक से फर्राटा मारते हुए निकलने में मदद करेगा।

एनसीआर के इन इलाकों को होगा फायदा

DND Flyway-KMP इंटरचेंज के इस साल दिसंबर तक आम यात्रियों के लिए खुल जाने की उम्मीद है। इससे गाजियाबाद, नोएडा और पूर्वी दिल्ली के लोगों को फायदा होगा। इसका मतलब यह है कि वह उन्हें छोटे कस्बों और गांवों से होकर नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि एक्सप्रेसवे से सिर्फ ढाई घंटे में जयपुर पहुंच जाएंगे।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article