मुंबई

आसमान की ऊंचाई से होगा मुंबई का शानदार नजारा : कांच की रूफटॉप गैलरी, कैप्सूल लिफ्ट और जानें सब कुछ

मुंबई में जल्द ही आपके सामने एक और पर्यटन स्थल होगा, जहां जाए बिना न तो मुंबई आने वाले पर्यटकों का सफर पूरा होगा और न ही मुंबईकर अपने को यहां जाने से रोक पाएंगे। बिल्डिंग की छत पर बनने वाली इस गैलरी से मुंबई का शानदार नजारा देखने का अवसर मिलेगा।

Image

मुंबई में बनेगी रूफटॉप ग्लास गैलरी

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को उसकी सी-लाइन से जबरदस्त खूबसूरती मिलती है। इस खूबसूरती को निहारने के लिए आपको एक और बहुत ही शानदार जगह मिलने वाली है। जी हां, आसमान की ऊंचाई से आप मुंबई का बहुत ही सुंदर नजारा कर सकते हैं। इसके लिए बकायदा तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस नई गैलरी से आपको छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) जैसी आइकॉनिक बिल्डिंगों का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा।

इस अद्भुत अनुभव के लिए आपको एक कैप्सूल ग्लास लिफ्ट के जरिए ले जाया जाएगा। जहां से शानदार नजारा होगा। इस गैलरी को नए टाउन हॉल जिमखाना बिल्डिंग के तौर पर बिल्डिंग की छत पर बनाया जाएगा, जो बृह्नमुंबई म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) हेडक्वार्टर के सामने बनेगी।

कैप्सूल लिफ्ट में सवार होकर आप बिल्डिंग की छत पर पहुंचेंगे, जिसमें एक पूरी तरह से शीशे से बना हुआ डोम होगा। BMC के अनुसार इस गैलरी को बनाने के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कहा जा रहा है कि इस शानदार पर्यटन स्थल से पर्यटकों को मुंबई की हेरिटेज बिल्डिंगों का बेहतरीन नजारा होगा।

फिलहाल सीएसएमटी और बीएमसी बिल्डिंगों के सामने ग्राउंड लेवल की व्यूवर्स गैलरी है। जिस गैलरी की योजना अब बनाई गई है, वह टाउन हॉल जिमखाना बिल्डिंग की छत पर बनेगी। यह गैलरी बहुत पहले बंद हो चुकी बीएमसी जिमखाना बिल्डिंग की जगह पर बनेगी।

फिलहाल मुंबई में ऐसी कोई व्यवस्था मौजूद नहीं है, जिससे मुंबई की आइकॉनिक बिल्डिंगों को आसमान से निहार सकें। इस नई गैलरी के बन जाने से पर्यटकों की मुंबई को आसमान से निहार पाने की इच्छा भी पूरी हो जाएगी।

इस टाउन हॉल जिमखान में सिविक ऑडिटोरियम भी होगा और इसके अलावा रूफटॉप कैफेटेरिया, लगभग 60 गाड़ियों के लिए 2 लेवल की बेसमेंट पार्किंग भी होगी। इसका डिजाइन ऐसा होगा कि यह आसपास की हेरिटेज बिल्डिंगों से मेल खाएगा।

इसके अलावा बीएमसी ने अपने कर्मचारियों के लिए एक नया मॉर्डन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की भी योजना बनाई है। जो सेंट्रल मुंबई के तुलसीवाड़ी में महालक्ष्मी रेसकोर्स के पास होगा। इस फैसिलिटी में इंडोर कोर्ट, जिम और स्वीमिंग पूल भी होगा।

Input - PTI

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article