शहर

Amroha Encounter: बुजुर्ग को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर ई-रिक्शा उड़ाने वाले बदमाशों से मुठभेड़, पुलिस की गोली से हुए लंगड़े

Amroha Crime News: अमरोहा के मंडी धनौरा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। इसमें दो शातिर चोर पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं, एक पुलिसकर्मी भी जख्मी हुआ है। आरोपियों के पास से अवैध हथियार और चोरी की रकम बरामद हुई है।

Image

चेकिंग के दौरान पुलिस पर की थी फायरिंग

Photo : Times Now Digital

Amroha Encounter: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ योगी सरकार का 'ऑपरेशन लंगड़ा' लगातार जारी है। इसी कड़ी में अमरोहा जनपद के मंडी धनौरा थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच एक भीषण मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में पुलिस ने दो शातिर और कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है, वहीं बदमाशों की तरफ से की गई फायरिंग में पुलिस का एक हेड कांस्टेबल भी घायल हो गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मंडी धनौरा थाना पुलिस क्षेत्र के गादीखेड़ा पुल के पास एक विशेष चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आ रहे संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। खुद को घिरता देख बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी त्वरित और साहसिक कदम उठाते हुए जवाबी कार्रवाई की और दोनों बदमाशों को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस की ओर से जवाबी कार्रवाई में चलाई गई गोली मोहम्मद उमर और मोहम्मद वसीम के पैरों में लगी, जिसके बाद दोनों को मौके पर ही दबोच लिया गया। इस मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली लगने से मुख्य आरक्षी अरविंद कुमार भी जख्मी हो गए।

अमरोहा के अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) अखिलेश भदौरिया ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, भारी मात्रा में कारतूस, एक बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल और 10 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई है।

पुलिस पूछताछ में दोनों शातिर अपराधियों ने कबूल किया कि बरामद किए गए 10 हजार रुपये उस ई-रिक्शा को बेचकर मिले थे, जिसे उन्होंने बीते 12 जुलाई को एक बुजुर्ग को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर चोरी किया था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मोहम्मद उमर और मोहम्मद वसीम पर अमरोहा और बिजनौर जिले के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और कई अन्य गंभीर अपराधों के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल, दोनों घायल बदमाशों और घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें