Jaipur Viral Video: राजस्थान की राजधानी जयपुर के RUHS अस्पताल से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक को सांप ने डस लिया, लेकिन उससे डरने के बजाय युवक उस सांप को ही एक बैग में बंद कर अस्पताल ले आया। जैसे ही युवक अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर पहुंचा, उसने अपने बैग से सांप को बाहर निकाला। यह देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए और कौतूहल का माहौल बन गया। अस्पताल में मौजूद लोगों की हैरानी तब और बढ़ गई जब उन्हें पता लगा कि सांप जिंदा है। जिंदा सांप देखकर अस्पताल में थोड़ी देर के लिए अफरातफरी मच गई। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसे लाखों लोग देख चुके हैं।
सांप के डसने के बाद इलाज के अस्पताल पहुंचा युवक
यह मामला राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंस (RUHS) का है। सांप के काटने के बाद एक युवक इलाज के लिए RUHS की इमरजेंसी पहुंचा था। जब मेडिकल स्टाफ ने उससे सांप के बारे में जानकारी मांगी, तो युवक ने तुरंत अपने काले बैग की चैन खोली और उसमें से वही काला सांप निकालकर स्टाफ को दिखाने लगा, जिसने उसे काटा था। उसने मेडिकल स्टाफ को बताया कि इसी सांप ने उसे काटा है और इसलिए वह उसे अस्पताल लेकर आया है।
जानकारी के लिए बता दें कि यह घटना करीब 4 से 5 दिन पुरानी है। इलाज के लिए पहुंचे युवक को भर्ती कर लिया गया था, जिसके बाद परिवार के लोग सांप को बाहर ले गए। परिजनों का कहना है कि सांप को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचाया गया है। केवल इलाज के लिए डॉक्टर को दिखाने के लिए सांप को लाया गया था।
