29 May 2025 Rajasthan mein Aaj ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम): राजस्थान में मौसम लगातार बदलाव के दौर में है। कहीं बारिश राहत दे रही है, तो कहीं आंधी और लू का असर दिख रहा है। बुधवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग मौसम का मिजाज देखने को मिला। कोटा, झालावाड़, भीलवाड़ा और उदयपुर में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे गर्मी से राहत मिली।
वहीं, जोधपुर और जैसलमेर में धूल भरी आंधी चली और शेखावाटी क्षेत्र में तेज गर्मी ने लोगों को परेशान किया। अगले 2-3 दिन उदयपुर और कोटा संभाग में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। बुधवार को राजस्थान के कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिसमें झालावाड़ के अकलेरा में सबसे अधिक 15 मिमी बारिश हुई। तापमान के लिहाज से बाड़मेर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.4°C दर्ज किया गया, जबकि माउंट आबू सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 21.0°C दर्ज हुआ। हवा में नमी 20 से 60 प्रतिशत के बीच रही।
राजस्थान में तापमान का हाल
IMD जयपुर के मुताबिक, आज राजस्थान में बादलों की हल्की मौजूदगी के साथ मेघगर्जन की संभावना है। दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में अगले 2-3 दिन अधिकतम तापमान 45-46°C तक पहुंच सकता है, जबकि शेष क्षेत्रों में यह 42-44°C तक रहने की उम्मीद है। नमी अधिक रहने के कारण उमसभरी गर्मी की संभावना बनी हुई है।
यहां येलो अलर्ट जारी
राज्य के ऊपर एक पूर्वी हवाओं में ट्रफ बनने के कारण अगले 48 घंटे में उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ मध्यम से तेज बरसात हो सकती है। बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में भी आज और कल मेघगर्जन और 50-60 Kmph की गति वाली आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में अगले कुछ दिनों में तापमान 45-46°C तक पहुंचने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
