शहर

जयपुर में हिट एंड रन केस, बेकाबू कार ने कई वाहनों को मारी टक्कर; 2 लोगों की मौत

जयपुर में एक तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोग गंभीर घायल हुए। इलाज के दौरान पिता और उसकी ढाई साल की बच्ची की मौत हो गई।

Image

जयपुर में भीषण हिट एंड रन केस (सांकेतिक फोटो)

Jaipur Accident News: जयपुर के सांगानेर इलाके में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। जहां एक तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस दौरान एक बाइक भी कार की चपेट में आ गई। इस भीषण हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

हरियाणा की कार ने मारी टक्कर

यह हादसा सांगानेर में देर रात LMB चौराहे के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक हरियाणा नंबर की कार ने सबसे पहले बाइक सवार युवक को टक्कर मारी। इसके बाद कार चालक ने वाहन से काबू खो दिया और बेकाबू कार ने सड़क पर मौजूद करीब 5 से 7 वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पिता और ढाई साल की बेटी की मौत

हादसे में कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को पुलिस ने तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां इलाज के दौरान एक पिता और उसकी करीब ढाई साल की बेटी की मौत हो गई। वहीं, स्कूटी सवार दंपती की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद कार छोड़कर भागा चालक

हादसे के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही अन्य साक्ष्यों के आधार पर पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद कुछ देर के लिए रास्ते पर यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने रास्ता बहाल कराया, जिसके बाद यातायात फिर से सुचारू हो सका।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article