ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में एक के बाद एक विकास योजनाएं मूर्त रूप ले रही हैं। यही नहीं सरकार की तरफ से यहां के लिए कई और विकास योजनाओं की घोषणाएं भी हो रही हैं और जिनकी घोषणा हो चुकी है, उन्हें मंजूरी भी मिल रही है। यहां बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida Airport) से देश के कई शहरों के लिए उड़ाने सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। यह क्षेत्र पहले से ही यमुना एक्सप्रेसवे से अच्छी तरह से कनेक्ट है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफरल एक्सप्रेसवे से भी कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जा रही है। इस बीच सरकार ने क्षेत्र के लिए एक आधुनिक अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम निर्माण की मंजूरी भी दे दी है।
50 एकड़ में बनेगा आधुनिक अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम
ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में जब अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम से लेकर अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी तक बन रहे हैं। जब यहां पर लाखों लोगों को बसाया जा रहा है तो क्षेत्र में खेल सुविधाएं भी विकसित होनी ही चाहिए। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यहां खेल प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने की योजना बनाई है। इस दिशा में यीडा सेक्टर 23डी में लगभग 50 एकड़ भूमि को आधुनिक अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम बनाने के लिए चिन्हित किया गया है।
बता दें कि ग्रेटर नोएडा में बना शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स सिर्फ 40 एकड़ में बना है, जिसे ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी (GNIDA) ने बनाया है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि यीड़ा क्षेत्र का यह स्टेडियम कितना बड़ा और महत्वपूर्ण होगा। यहां पर स्टेडियम बनने से क्षेत्र में बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को होस्ट करने की संभावनाएं बढ़ेंगी। इसके साथ ही स्थानीय और प्रदेश की खेल प्रतिभाों को बी बेहतर ट्रेनिंग और प्रतिस्पर्धात्मक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
एयरपोर्ट के पास बनेगा अंतरराज्यीय बस अड्डा
एयरपोर्ट के आसपास यातायात जरूरतें तेजी से बढ़ रही हैं। इन बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यीड़ा सेक्टर 23सी में एक अंतरराज्यीय (Inter-State) बस अड्डा बनाने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, बस अड्डे के लिए अभी जमीन तय नहीं की गई है, लेकिन जल्द ही भूमि चिन्हित करने का निर्णय लिया गया है।

जेवर क्षेत्र में कनेक्टिविटी के साथ सुविधाएं भी बढ़ेंगी
यहां अंतरराज्यीय बस अड्डा बन जाने से एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों, उद्यमियों और आम लोगों को भी बेहतर सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। एयरपोर्ट और औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास विकसित हो रहे नए शहहरी क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। इसके अलावा एयरपोर्ट तक नमो भारत (RRTS) बनाने की योजना तो है ही।
36 एकड़ में आधुनिक मंडी भी बनेगी
यही नहीं क्षेत्र के किसानों को बेहतर बाजार और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के मकसद से यीड़ा सेक्टर-34 में लगभग 36 एकड़ जमीन पर मंडी बनाने के लिए भी भूमि चिन्हित की गई है।
आधुनिक मंडी के जरिए कृषि उत्पादों के व्यापार, स्टोरेज और व्यापार से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम होगा। इससे क्षेत्र के किसानों को व्यवस्थित बाजार व्यवस्था उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
