Indore News: महाराष्ट्र में खाद्य प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई के बाद अब इंदौर के चर्चित सयाजी होटल के खिलाफ जिला प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा मानकों में लापरवाही को लेकर सख्त कदम उठाया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में होटल के किचन में कई ऐसी कमियां सामने आईं, जिन्हें नियमों के उल्लंघन से जोड़कर देखा जा रहा है। कार्रवाई के बाद होटल के खाद्य लाइसेंस को सस्पेंड कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से किचन को सील करने की कार्रवाई भी जल्द किए जाने की बात कही गई है।
क्या-क्या पाया गया?
जानकारी के मुताबिक, होटल को लेकर शिकायत मिलने के बाद गुरुवार रात खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम अचानक निरीक्षण के लिए पहुंची। अधिकारियों ने किचन में मौजूद खाद्य सामग्री, उसके रखरखाव और स्वच्छता व्यवस्था की जांच की। इस दौरान कुछ खाद्य पदार्थ एक्सपायर्ड पाए गए, जबकि कई सामग्री पर पैकिंग डेट का स्पष्ट उल्लेख नहीं था।
तापमान बनाए रखने में भी खामियां सामने आईं
इसके अलावा खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से रखने और निर्धारित तापमान बनाए रखने में भी खामियां सामने आईं। जांच टीम ने मौके से कुछ संदिग्ध खाद्य सामग्रियों के नमूने भी लिए हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। किचन में साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों ने आपत्ति जताई और खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन में लापरवाही दर्ज की।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर हो रही लगातार कार्रवाई
कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर जिले में मिलावटखोरी और अमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों की अनदेखी करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए होटल के खाद्य लाइसेंस को सस्पेंड करने की कार्रवाई की है। साथ ही, किचन को सील करने समेत अन्य नियमानुसार कदम उठाने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच में दोष साबित होने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
खंडवा में भी हुई कार्रवाई
वहीं दूसरी ओर, खंडवा शहर में खाद्य एवं प्रसंस्करण विभाग की टीम ने शुक्रवार को वैशाली जी मार्ट पर छापेमारी की। यह कार्रवाई कथित रूप से मिलावटी या नकली खाद्य तेल की बिक्री की आशंका के चलते की गई। जांच के दौरान अधिकारियों ने मार्ट से 'खंडवा फ्रेश ऑयल' के कई पाउच और तेल के पीपे बरामद किए। टीम ने मौके पर मौजूद तेल के नमूने भी लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, लैब रिपोर्ट आने तक संबंधित उत्पादों की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
