Summer Special Train: अगर आपको गर्मियों की छुट्टी में घर जाना है और ट्रेन में टिकट नहीं मिल पा रहे हैं, तो चिंता की कोई बात नहीं। रेलवे (Indian Railway) ने अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था की है। रेलवे ने ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए समर स्पेशल ट्रेनों (Summer Special Train) का संचालन करने का फैसला किया है। इससे यात्रियों को घर जाने में आसानी होगी और कंफर्म टिकट्स भी मिल सकेंगे।
किन रूट्स पर चलेंगी समर स्पेशल ट्रेन?
उत्तर पश्चिम रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेनें राजस्थान, यूपी, बिहार और असम के लिए चलेंगी। बता दें कि पहली बार समर स्पेशल ट्रेन चलेंगी। यह श्रीगंगानगर से गुवाहाटी के बीच चलेगी। समर स्पेशल ट्रेन श्रीगंगानगर से जयपुर होते हुए अयोध्या तक जाएगी। इसके अलावा इस ट्रेन का इसी रूट पर वापसी भी होगी।
गुवाहाटी-श्रीगंगानगर स्पेशल ट्रेन
रेलवे ने बताया कि ट्रेन संख्या 05616 गुवाहाटी-श्रीगंगानगर स्पेशल ट्रेन 15 अप्रैल को गुवाहाटी से शाम छह बजे खुलेगी और 17 अप्रैल को दोपहर 3.15 बजे जयपुर पहुंचेगी। साथ ही यही ट्रेन 18 अप्रैल को सुबह 6.45 बजे श्रीगंगानगर पहुंचेगी। वहीं, इस ट्रेन की वापसी 21 अप्रैल को श्रीगंगानगर से दोपहर 1.55 बजे होगी, जो 24 अप्रैल को सुबह 4.50 बजे गुवाहाटी पहुंचेगी।
किन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन?
बता दें कि ये ट्रेन कामाख्या, न्यू जलपाईगुडी, किशनगंज, कटिहार, बेगूसराय, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, छपरा, सिवान, गोरखपुर, अयोध्या धाम, अयोध्या कैंट, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, इटावा, आगरा कैंट, भरतपुर, बांदीकुई, गांधीनगर, जयपुर, रींगस, सीकर, चूरू, रतनगढ, श्रीडूंगरगढ, बीकानेर, लूनकरनसर, सूरतगढ़ होते हुए श्रीगंगानगर पहुंचेगी।
दानापुर से बीकानेर के बीच समर स्पेशल
इसके अलावा दानापुर से बीकानेर के बीच भी समर स्पेशल ट्रेन चलेगी। बता दें कि दानापुर से ये ट्रेन 17 अप्रैल को रात को 9.45 बजे रवाना होगी और 18 अप्रैल को शाम 4.50 बजे जयपुर पहुंचेगी और शुक्रवार को देर रात दो बजे बीकानेर पहुंचेगी। ये ट्रेन 17 और 24 अप्रैल को चलेंगी। इसके साथ ही इसकी वापसी 20 अप्रैल को शनिवार शाम 3.15 बजे होगी, जो रविवार रात 9.15 बजे दानापुर पहुंचेगी।
ये स्टेशन होंगे कवर
बता दें कि ये ट्रेन आरा, बक्सर, पं. दीनदयाल उपाध्याय, प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, टूंडला, आगरा फोर्ट, भरतपुर, दौसा, गांधीनगर, जयपुर, रींगस, सीकर, फतेहपुर शेखावाटी, चूरू, रतनगढ़, श्रीडूंगरगढ़ स्टेशनों पर रुकेगी। इसके अलावा बेंगलुरू और जोधपुर के बीच भी समर स्पेशल ट्रेनें चलेंगी।
