IIT Delhi Student Death: देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली परिसर में शनिवार सुबह एक छात्र की मौत से हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, 31 वर्षीय छात्र कैंपस की एक इमारत से नीचे गिर गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छात्र को तत्काल IIT परिसर स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
IIT दिल्ली के फिजिक्स विभाग से जुड़ा छात्र था
पुलिस को सुबह करीब 8:33 बजे PCR के जरिए घटना की जानकारी मिली थी। शुरुआती जांच के मुताबिक, छात्र सुबह लगभग 8 बजे IIT दिल्ली के मेन गेट से परिसर में दाखिल हुआ था। इसके बाद वह लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स की ओर गया। कुछ समय बाद उसके इमारत से गिरने की घटना सामने आई। मृतक IIT दिल्ली के फिजिक्स विभाग से जुड़ा छात्र था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने क्राइम टीम और फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया। दोनों टीमों ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में छात्र के शरीर पर गिरने के अलावा किसी अन्य तरह की चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं
पुलिस को घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। छात्र की जेब से एक मोबाइल फोन मिला है, जिसे जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। पुलिस फोन से संबंधित जानकारी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच करेगी। जांच के तहत पुलिस IIT प्रशासन से छात्र से जुड़े काउंसलिंग रिकॉर्ड और अन्य आवश्यक जानकारी हासिल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले उपलब्ध साक्ष्यों का सत्यापन किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
