Sultanpur News: मंगलवार दोपहर उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में आसमान अचानक तेज गर्जना से गूंज उठा, जब भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर स्थित अरवल कीरी करवत एयर स्ट्रिप पर अभ्यास के लिए पहुंचे। करीब आठ फाइटर जेट्स की आवाज से पूरे इलाके में हलचल मच गई और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। जानकारी के मुताबिक, 22 अप्रैल को इस एयर स्ट्रिप पर दिन और रात दोनों समय विशेष युद्धाभ्यास आयोजित किया जाएगा। तय कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक और फिर शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक फाइटर जेट्स द्वारा टेकऑफ और लैंडिंग का प्रदर्शन किया जाएगा।
इमरजेंसी लैंडिंग फील्ड भी होगा एक्टिव
कल इमरजेंसी लैंडिंग फील्ड (ELF) को भी सक्रिय किया जाएगा। जहां लड़ाकू विमान अपनी उड़ान क्षमता का प्रदर्शन करेंगे तो वहीं Mi-17 हेलीकॉप्टर स्लिथरिंग ऑपरेशन करेंगे। इसके अलावा C-295 और AN-32 जैसे परिवहन विमान भी अभ्यास में शामिल रहेंगे। इमरजेंसी लैंडिंग फील्ड दरअसल हाईवे के ऐसे विशेष हिस्से होते हैं, जिन्हें आपातकालीन परिस्थितियों में विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ के लिए तैयार किया जाता है। ये न केवल युद्ध जैसी स्थिति में उपयोगी होते हैं, बल्कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में भी अहम भूमिका निभाते हैं, जबकि सामान्य दिनों में ये सड़क की तरह ही इस्तेमाल होते रहते हैं। देशभर में ऐसे करीब 20 ELF विकसित करने की योजना है, जिनमें से अधिकतर सीमावर्ती क्षेत्रों में बनाए जाएंगे।
ताकत और दक्षता का प्रदर्शन करेंगे ये विमान
इस अभ्यास में सुखोई, मिराज, तेजस और जगुआर जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमान अपनी ताकत और दक्षता का प्रदर्शन करेंगे। मंगलवार को हुई रिहर्सल के दौरान विमानों ने कई बार टच-एंड-गो अभ्यास किया, जिसके जरिए एयर स्ट्रिप की तैयारियों का परीक्षण किया गया। व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक चारू निगम भी मौके पर पहुंचे।
पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती की गई है और आम लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। प्रशासन का कहना है कि यह अभ्यास जहां सामरिक रूप से अहम है, वहीं इससे क्षेत्र की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी। साथ ही, एयरफोर्स की क्षमता और तैयारियों को देखने के लिए आसपास के जिलों से भी लोगों के बड़ी संख्या में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
एक मई तक यातायात डायवर्ट
एयर स्ट्रिप के परीक्षण और सुरक्षा व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए एक्सप्रेसवे के इस हिस्से पर एक मई तक यातायात को डायवर्ट कर दिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के पूरा होने के बाद दो मई से आवागमन फिर से सामान्य कर दिया जाएगा। इससे पहले भी यहां अभ्यास किया जा चुका है। नवंबर 2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के मौके पर भी लड़ाकू विमानों ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया था। हालांकि, इस बार का अभ्यास पहले से कहीं अधिक बड़े पैमाने पर आयोजित किया जा रहा है, जिस पर पूरे क्षेत्र की निगाहें टिकी हुई हैं।
