शहर

बैरियर-लेस टोल प्लाजा को धोखा दे रहे लोग, जानें अब NHAI कर रहा कैसी तैयारी?

NHAI देशभर में बैरियर-लेस टोल प्लाजा शुरू करने जा रहा है। ऐसा ही एक टोल प्लाजा दिल्ली में शुरू किया गया है, लेकिन दिल्ली के कुछ 'धुरंधर' सिस्टम को धोखा देकर टोल चुकाने से बच रहे हैं।

Image

नए बैरियर-लेस टोल सिस्टम को धोखा दे रहे लोग

हाल के दिनों में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे और बैरियर-लेस टोल प्लाजा काफी चर्चा में रहे हैं। गंगा एक्सप्रेसवे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पूर्वी यूपी से जोड़ता है, जबकि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे ने दोनों शहरों की दूरी को मात्र ढाई घंटे में समेट दिया है। 14 अप्रैल को शुरू हुए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर मैंने स्वयं दो बार सफर किया है। इस एक्सप्रेसवे पर मेन कैरिजवे अभी तैयार हो चुका है और आम जनता के लिए खुल भी चुका है। लेकिन इसके अलावा यहां कई दिक्कतें हैं। इन दिक्कतों के बारे में मैंने अपने एक्सपीरियंस का एक आर्टिकल लिखकर बताया है। उस आर्टिकल को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें। बैरियर-लेस टोल प्लाजा केंद्रीय सड़क परिहवन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। दिल्ली में भी एक बैरियर-लेस टोल प्लाजा लगाया गया है। लेकिन यहां चर्चा और चिंता सिस्टम को धोखा देने और टोल चोरी की है। चलिए जानते हैं इस बारे में विस्तार से -

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने हाल ही में दिल्ली के UER-II के मुंडका-बक्करवाला सेक्शन पर देश का दूसरा और राजधानी का पहला बैरियर-लेस टोल प्लाजा शुरू किया। इस आधुनिक टोल सिस्टम का मकसद गाड़ियों को बिना रुके टोल भुगतान की सुविधा देना है। ताकि ट्रैफिक जाम कम हो और यात्रा का समय भी घटे। लेकिन, दिल्ली के धुरंधरों ने इस अत्याधुनिक टोलिंग सिस्टम को धोखा देने का रास्ता खोज लिया। इसके शुरू होते ही सिस्टम में कुछ खामियां और टोल चोरी के मामले सामने आने लगे हैं।

कैसे काम करता है बैरियर-लेस टोल सिस्टम?

बता दें यह बैरियर-लेस टोल सिस्टम Multi-Lane Free Flow (MLFF) तकनीक पर आधारित है। इसमें हाई-परफॉर्मेंस RFID रीडर्स और AI आधारित Automatic Number Plate Recognition (ANPR) कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे गाड़ी की नंबर प्लेट को पढ़ते हैं और FASTag सिस्टम से जुड़े खाते से ऑटोमैटिक टोल राशि काट ली जाती है। इस तकनीक से गाड़ियों को टोल चुकाने के लिए रुकना नहीं पड़ता और ट्रैफिक फ्लो स्मूद रहता है।

टोल भुगतान से बचने का ये तरीका खोज निकाला

यह सिस्टम आधुनिक तकनीक पर आधारित है, लेकिन कुछ वाहन चालक इसका गलत फायदा भी उठा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ लोग High Security Registration Plates (HSRP) से छेड़छाड़ कर रहे हैं, जिससे ANPR के लिए नंबर प्लेट की पहचान मुश्किल हो जाती है। यही नहीं, कुछ गाड़ियों के मालिक FASTag को विंडस्क्रीन पर नहीं लगाते, जिससे सिस्टम उन्हें ट्रैक नहीं कर पाता। हालांकि, NHAI के मुताबिक ऐसे मामलों की संख्या 1 फीसद से भी कम है, फिर भी यह चिंता का विषय बना हुआ है।

Mundka Bakkarwala Toll uer 2

UER-2 पर मुंडका-बकरवाला टोल पर धोखा दे रहे वाहन चालक

ये तरीके भी अपना रहे टोल चोरी करने वाले

यह भी पता चला है कि कई वाहन चालक नंबर प्लेट को फ्लिप करने वाले मैकेनिज्म का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे कैमरे कार की सही पहचान नहीं कर पा रहे हैं। वहीं कुछ लोग नंबर और अक्षरों के फॉर्मेट में हल्का बदलाव कर सिस्टम को भ्रमित करते हैं। इसके अलावा, कुछ गाड़ियों के मालिक रिफ्लेक्टिव कोटिंग या फिल्म का इस्तेमाल करते हैं, जिससे कैमरों से ली गई तस्वीरें धुंधली या गलत कैप्चर होती हैं। यह सभी तरीके ANPR सिस्टम की सटीकता को प्रभावित करते हैं।

सख्ती बढ़ाने पर विचार कर रही NHAI

NHAI का कहना है कि यह सिस्टम भविष्य की ओर एक बड़ा कदम है, लेकिन इसके सफल संचालन के लिए सख्त निगरानी और नियमों के पालन की जरूरत है। एजेंसी अब तकनीकी सुधार और सख्ती बढ़ाने पर विचार कर रही है, ताकि टोल चोरी पर पूरी तरह से लगाम लगाई जा सके।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article