शहर

UP Election 2027: यूपी में युवाओं को मतदाता बनाने और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था समझाने के लिए अभियान, ज्ञानेश कुमार का दो दिवसीय लखनऊ दौरा

UP Election 2027, CEC Gyanesh Kumar: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के दो दिवसीय लखनऊ दौरे के साथ यूपी में चुनावी साक्षरता अभियान ELC 2.0 की शुरुआत। छात्रों और बीएलओ से करेंगे सीधा संवाद।

Image

यूपी में युवाओं को मतदाता बनाने और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था समझाने के लिए अभियान, ज्ञानेश कुमार का दो दिवसीय लखनऊ दौरा

Election Commission of India: मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को कहा कि उत्तर प्रदेश के विद्यालयों और विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों को चुनावी प्रक्रिया एवं उसकी पारदर्शिता समझाने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दिवसीय दौरे पर लखनऊ आए कुमार ने संवाददाताओं से कहा, 'उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालयों और विद्यालयों में चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और इसकी पूरी प्रक्रिया को समझाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।'

उन्होंने कहा, 'लखनऊ से मेरा पुराना नाता है। मैं यहां से उच्च शिक्षा के लिए गया था। मैं लंबे समय बाद अपनी कर्मभूमि लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मतदाताओं को संदेश देने के लिए आया हूं। मुझे विशेष रूप से बूथ स्तर के अपने अधिकारियों (बीएलओ) से कुछ बातें करनी हैं। ये बीएलओ लोकतंत्र की नींव हैं।' उत्तर प्रदेश में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने लखनऊ हवाई अड्डे पर कुमार की अगवानी की। कुमार का कॉल्विन तालुकदार्स कॉलेज में विद्यार्थियों से बातचीत करने का कार्यक्रम है, जहां उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा प्राप्त की थी। इसके बाद वह इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में चुनावी साक्षरता क्लब (ईएलसी/ELC 2.0') 2.0 और निर्वाचन आयोग के डिजिटल मंच ’ईसीआईनेट’ पर आयोजित क्षेत्रीय सम्मेलन में भाग लेंगे।

लखनऊ से मेरठ, वाराणसी तक होंगे सम्मेलन

कुमार मंगलवार को लखनऊ और आसपास के जिलों के बूथ स्तर के करीब 500 अधिकारियों से बातचीत करेंगे। 'व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और निर्वाचक सहभागिता' (स्वीप) पहल के तहत 2018 में शुरू किए गए चुनावी साक्षरता क्लब कार्यक्रम को अब 'ईएलसी 2.0' के रूप में नया स्वरूप दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में चुनावी साक्षरता से जुड़ी गतिविधियों को पूरे वर्ष सक्रिय, अनुभव-आधारित और डिजिटल माध्यमों से संचालित करना है। ईएलसी 2.0 और ईसीआईनेट पर क्षेत्रीय सम्मेलन बाद में मेरठ और वाराणसी में भी आयोजित किए जाएंगे।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article